Moradabad: ठिठुरन बढ़ी, सुबह कोहरे के बाद दोपहर में मिली हल्की धूप, शाम होते ही फिर सर्दी का सितम
मुरादाबाद, अमृत विचार। नवंबर का अंतिम पखवाड़ा आते-आते सर्दी बढ़ गई है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार के मुकाबले पारे में हल्की गिरावट देखी गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।
रविवार की सुबह कोहरे की मोटी चादर से ढकी रही। शहर में दृश्यता कम होने के कारण लोगों को वाहन चलाने में दिक्कत हुई। कई जगहों पर ट्रैफिक धीमा पड़ गया। हालांकि, लगभग साढ़े नौ बजे के बाद सूर्य की हल्की किरणें निकलने लगीं तो ठंड से कुछ राहत मिली। लेकिन, धूप कमजोर रही और पूरे दिन हल्की ठंडी हवा चलती रही, जिससे सर्दी का असर बना रहा। दोपहर तक सड़कों और बाजारों में सामान्य से कम लोग दिखाई दिए। लोग जरूरी काम निपटाने के बाद जल्दी-जल्दी घरों की ओर लौटते नजर आए।
चाय, मूंगफली और भुट्टे की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह कोहरे और ठंड के कारण घर से निकलना मुश्किल हो गया था, जबकि शाम होते-होते ठिठुरन और बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी हवाएं अब मैदानों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में सुबह के समय घना कोहरा और अधिक ठंड महसूस हो सकती है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन दिसंबर की शुरुआत तक पारा और नीचे जाने की उम्मीद है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए एहतियाती उपाय अपनाने की सलाह दी है।
