कानपुर : शादी समारोह में गए युवक की करंट से मौत, घर में मची चीख-पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। सेन पश्चिम पारा में शादी समारोह में शामिल युवक करंट से झुलस गया। तत्काल परिजन हैलट लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई। बिजली के खुले तारों की वजह से एक लाइन टेंट के पोल से छूने के कारण युवक की जान चली गई। परिवार में कोहराम मच गया।

तुलसिया गांव निवासी 30 वर्षीय प्रदीप कुमार टाइल्स पत्थर लगाने व घिसाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी आरती और दो बच्चे हैं। बड़े भाई संदीप ने बताया कि प्रदीप पड़ोसी इमलीपुर गांव में शनिवार रात राकेश की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। जहां रोशन व सजावट के बिजली के खुले तारों के कारण टेंट के पोल में करंट उतर आया।

उधर से निकलते समय प्रदीप का हाथ लोहे के पोल पर पड़ा तो करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। इससे समारोह में शामिल लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने खुद को सुरक्षित करते हुए लाइन बंद कराई और परिजनों को हादसे की खबर दी। साथ ही प्रदीप को गंभीर अवस्था में तत्काल हैलट अस्पताल ले जाया गया।

जहां इलाज के दौरान रविवार तड़के उसकी मौत हो गई। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सेनपश्चिम पारा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। अगर देंगे तो तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार