पुलिस पर दबाव बनाने को परिवार समेत लखनऊ आया आरोपी, किया आत्मदाह का प्रयास, जानें पूरा मामला
उन्नाव के आसीवन पुलिस ने दर्ज की थी बलवा, मारपीट, धमकी, गाली-गलौज व एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट
लखनऊ, अमृत विचार। पड़ोसी से मारपीट करने पर पुलिस ने किसान जगदीश यादव पर बलवा, मारपीट, धमकी, गाली-गलौज व एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए आरोपी चार महिलाओं, पांच बच्चों व भाई को लेकर रविवार को लखनऊ पहुंच गया।
गोल्फ चौराहे के पास आत्मदाह की नीयत ने तीन लोगों ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया। आत्मदाह निरोधी दस्ते ने उन्हें बचा लिया। आरोपी ने आसीवन पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। लखनऊ पुलिस की सूचना पर आसीवन पुलिस सभी को उन्नाव ले गई है। गौतमपल्ली पुलिस ने जगदीश और उनके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि मार्च में जगदीश और पड़ोसी सूरज बली में जमीन के विवाद में मारपीट हुई थी। जिसमें सूरज का सिर फट गया था। 25 मार्च को सूरज ने विक्रमादित्य मार्ग पर आत्मदाह का प्रयास किया था। उसने पुलिस पर जगदीश पर रिपोर्ट दर्ज न करने और तहसील प्रशासन पर आरोप लगाए थे।
उन्नाव पुलिस ने जांच कमेटी बनाई और प्रशासन की मध्यस्थता से विवाद का निस्तारण करा दिया। समझौता तो हो गया, लेकिन दोनों पक्ष एक दूसरे से रंजिश रखने लगे। नवंबर में फिर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। 21 नवंबर को जगदीश और उसके परिवार के खिलाफ आसीवन थाने में बलवा, मारपीट, धमकी, गाली-गलौज व एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
एसीपी के अनुसार पुलिस पर दबाव बनाने के लिए रविवार को जगदीश परिवार की चार महिलाओं, पांच बच्चों और भाई के साथ सुबह करीब 10:40 बजे गोल्फ क्लब चौराहे पहुंचा। वहां तीन लोगों ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल डाल लिया। चौकी प्रभारी पांच केडी शशिकांत और आत्मदाह निरोधी दस्ते के पुलिस कर्मियों ने ज्वलनशील पदार्थ छीनकर सभी को पकड़ लिया। पुलिस सभी को गौतमपल्ली थाने ले गई। पूछताछ में जगदीश ने आसीवन पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। सूचना देने पर लखनऊ पहुंची आसीवन पुलिस सभी लोगों को लेकर गई है।
प्रशासन पर दबाव बनाकर आत्महत्या के प्रयास की रिपोर्ट
एसीपी ने बताया कि जगदीश यादव समेत अन्य लोगों पर पहले से एफआईआर दर्ज है। मामले में कार्रवाई न हो, इसी के लिए वह आत्मदाह का प्रयास करने परिवार संग आया था, ताकि उन्नाव पुलिस व प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके। इस आधार पर चौकी इंचार्ज 5 केडी उपनिरीक्षक शशिकांत की तहरीर पर जगदीश यादव समेत अन्य पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी ज्वलनशील पदार्थ कहां से लाए थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
