एसआईआर : नगरीय इलाकों में ज्यादा हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश...मतदाताओं की जिज्ञासा का होगा समाधान
बरेली, अमृत विचार। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाताओं की सुविधा के लिए टेलीफोन की हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई है। जनपद के एसटीडी कोड के साथ 1950 डायल करने पर घंटी उस जनपद के जनपद संपर्क केंद्र पर जाएगी और जिला संपर्क केंद्र पर बैठे कर्मचारी मतदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगर आयुक्त को नगरीय इलाकों में अधिक से अधिक हेल्प डेस्क संचालित करने के निर्देश दिए हैं। कॉन्टैक्ट सेंटर एवं हेल्प डेस्क पर एसआईआर प्रक्रिया से पूर्णतया भिज्ञ एवं प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में प्रत्येक मतदाता को स्वयं से संबंधित गणना प्रपत्र को सही से भरकर हस्ताक्षर करने के बाद 4 दिसंबर तक अपने मतदेय स्थल के बीएलओ को उपलब्ध कराना है। पिछले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद वर्ष 2003 में तैयार मतदाता सूची में अपना या अपने संबंधी का विवरण खोजने के लिए वेब पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जाएं और Search Your Name in Last SIR पर क्लिक करें। Search by Elector Details टैब पर जाएं और ऐसा कर अपने या अपने संबंधी की डिटेल्स आसानी से खोज सकते हैं। यदि वर्ष 2002-2004 की अवधि में मतदाता भारत के किसी अन्य राज्य में रहा हो तो उस राज्य में उस अवधि में संपन्न हुए एसआईआर के बाद तैयार मतदाता सूची भी उपर्युक्त वेब पोर्टल पर उपलब्ध है।
उसे वहां से देखा जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता उपरोक्त पोर्टल पर जाकर अपना एपिक नंबर दर्ज कर अपने बीएलओ का नाम व फोन नंबर पता कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से Book a call with your BLO सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस सुविधा का लाभ उठाने पर आपके क्षेत्र के बीएलओ को यह नोटिफिकेशन जाएगा कि आप उससे बात करना चाहते हैं। आपका नाम व मोबाइल नंबर बीएलओ एप पर प्रदर्शित होता है। 48 घंटे के भीतर मतदाता को बीएलओ द्वारा वापस कॉल की जाएगी। उन्होंने समस्त मतदाताओं से एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लेने एवं अपने बीएलओ का सहयोग करने की अपील की है।
कहा है कि नगरीय क्षेत्रों में बीएलओ स्थानीय कर्मचारी नहीं होते हैं, नगरीय क्षेत्रों में बीएलओ का काम ग्रामीण क्षेत्रों के मुकाबले कठिन होता है। ऐसी स्थिति में रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों को भी अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ सहयोग करना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जनपद के समस्त गावों के समस्त मजरों और नगरीय क्षेत्रों के मोहल्लों, कॉलोनियों और बस्तियों में रहने वाले प्रत्येक मतदाता को गणना पत्र अवश्य उपलब्ध कराएं।
