बरेली: ऐसी लापरवाही पड़ेगी छात्रों पर भारी
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में एक शिक्षक कोरोना संक्रमित हो चुकी हैं। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन कोरोना नियमों की अनदेखी कर रहा है। मंगलवार को बरेली कॉलेज में प्राचार्य दफ्तर के बाद छात्रवृत्ति फार्म भरने को लेकर छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ जमा हो गई। तीन अलग-अलग काउंटरों पर लंबी लाइन लग गई। इस दौरान …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में एक शिक्षक कोरोना संक्रमित हो चुकी हैं। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन कोरोना नियमों की अनदेखी कर रहा है। मंगलवार को बरेली कॉलेज में प्राचार्य दफ्तर के बाद छात्रवृत्ति फार्म भरने को लेकर छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ जमा हो गई। तीन अलग-अलग काउंटरों पर लंबी लाइन लग गई। इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया गया। कई छात्रों ने मास्क भी नहीं लगा रखे थे। जिस तरह की तस्वीर दिख रही थी उससे तो यही कहा जा सकता है कि ऐसी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
कॉलेज में भीड़ की जानकारी क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डा. राजेश प्रकाश को लगी तो उन्होंने तुरंत प्राचार्य को फोन कर व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय के नोडल अफसर ने छात्रवृत्ति फार्म जमा करने की तारीख बढ़ाने के लिए शासन को पत्र लिखा है।
बता दें कि छात्रवृत्ति फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। कई छात्र फार्म नहीं भर सके, इसे लेकर लगातार विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में चक्कर लगा रहे हैं। बरेली कॉलेज में छात्रों की अधिक संख्या की वजह से कई दिनों से छात्रों की भीड़ काउंटरों पर लग रही है।
मंगलवार को आखिरी दिन होने के चलते काफी संख्या में छात्र-छात्राएं बरेली कॉलेज में पहुंच गए। प्राचार्य दफ्तर के बाहर ही बने काउंटरों पर भीड़ लग गई। जब इस बारे में प्राचार्य से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि तीन काउंटर खोले गए हैं। कर्मचारियों की सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए ड्यूटी लगायी गई है लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा था।
इसके अलावा कॉलेज में अन्य जगह भी छात्र मास्क नहीं लगाए थे। साथ ही सटकर भी बैठे हुए थे जबकि कुछ दिनों पहले ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कोरोना गाइडलाइन के पालन के निर्देश भी दिए थे।
