मेरा शहर मेरी प्रेरणा : जारा वारसी को चमची के किरदार से मिली पहचान अब फिल्मों की ओर बढ़े कदम
बरेली की जारा वारसी मायानगरी मुंबई में अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर रही हैं। एंड टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘हप्पू की उलटन पलटन’ में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में उनके चमची के किरदार उन्हें मशहूर बनाया जिसके बाद उन्होंने यशराज फिल्म्स बैनर की मंडला मर्डर्स वेब सीरीज में भी अपने काम का लोहा मनवाया। टेलीविजन से अब वह बॉलीवुड की ओर कदम बढ़ा रही हैं। जल्द वह एक फिल्म में नजर आएंगी।
डेलापीर इलाके में रहने वाले जारा के पिता बिट्टन अली एक पेट्रोल पंप के मैनेजर हैं। उनके चार बच्चों में जारा सबसे छोटी हैं। बिट्टन अली के अनुसार जारा को पांच साल की उम्र से ही डांस का शौक था। शहर के रोटरी क्लब दशहरा मेले समेत कई मंचों पर डांस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती रही हैं। बेस्ट डांसर के कई अवार्ड भी जीते हैं। लैला ओ लैला..गाने पर उनका डांस अब भी यादगार है। फ्यूचर कॉलेज में हुए एक कार्यक्रम में जारा के इसी गाने पर डांस के दौरान कॉमेडी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ में हप्पू सिंह दरोगा का किरदार निभाने वाले योगेश त्रिपाठी ने जारा की तारीफ की थी। जारा की कक्षा तीन तक की पढ़ाई हार्टमन स्कूल में हुई। उसी वक्त ‘यूपी के सुपरस्टार की तलाश’ चल रही थी।
जारा ने पिता के साथ लखनऊ में ऑडिशन दिया। जज की भूमिका में अभिनेता योगेश त्रिपाठी थे, जिनसे उन्हें पहले ही शाबासी मिल चुकी थी। दूसरे जज ‘भाभी जी घर पर हैं’ में टिल्लू का किरदार निभाने वाले सलीम जैदी थे। ऑडिशन के दौरान जारा ने लैला ओ लैला गाने पर डांस किया तो वहां भी छा गईं। इसके बाद एक्टिंग का भी ऑडिशन दिया और सलेक्शन होने के साथ उन्हें हप्पू की उलटन पलटन में चमची का रोल मिल गया। जारा ने चमची के किरदार में ऐसी जान डाली कि दर्शकों के दिल में उतर गईं। बिट्टन अली के मुताबिक जारा इस वक्त वह मुंबई में अपनी मौसी के साथ रहती हैं जहां अदाकारी के साथ कक्षा नौ में पढ़ भी रही हैं।
फोन पर हुई बातचीत में जारा ने बताया कि यहां तक पहुंचने का सफर कोई आसान नहीं है, तमाम चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। मेरे लिए सबसे अच्छी बात है कि मुझे परिवार का पूरा सपोर्ट मिला। जारा ने बताया, सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक उनका स्कूल होता है। घर आने के बाद शाम को शूटिंग का शेड्यूल रहता है। शूटिंग पर जाते हुए किताबें साथ ले जाती हैं, जब भी मौका मिलता है तो पढ़ाई करती हैं। जारा ने बताया, जल्द वहएक फिल्म में आ रही हैं। दो बड़े विज्ञापन भी कर रही हैं। कुछ और बड़े प्रोजेक्ट हैं, उनसे जुड़ी हैं।
