Moradabad : एसआईआर...अब अफवाहों पर निगरानी के लिए सोशल मीडिया पर नजर
मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के लिए चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में निर्वाचन आयोग पर अनर्गल आरोप लगाने और अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। जिले में सोशल मीडिया व लोकल ग्रुपों पर भी नजर रखी जाएगी। वहीं प्रशासन मतदाताओं का एसआईआर फार्म भरवाने में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अफवाहों पर सख्ती करने के आदेश के बाद स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने इस प्रक्रिया से संबंधित अधिकारियों को अफवाह फैलाकर मतदाताओं को भ्रमित कर प्रक्रिया बाधित करने वालों पर सख्ती करने के लिए कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी करने के लिए निर्देश दिया है। साथ ही फार्म भरने में मतदाताओं की समस्या दूर कराने के लिए बीएलओ को गंभीरता दिखाने, संबंधित बूथों पर भी मौजूदगी और संबंधित क्षेत्र के बीएलओ का मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य कर दिया है। जिससे यदि मतदाताओं को दिक्कत हो तो वह अपने विधानसभा के भाग क्रमांक व बूथ के अनुसार बीएलओ से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करा सकें।
भाजपा नेता की शिकायत पर नहीं हुआ समाधान, जिला निर्वाचन अधिकारी से मिले
मुरादाबाद, अमृत विचार: भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित जायसवाल ने 17 नवंबर को 2003 की मतदाता सूची के पीडीएफ ऑनलाइन अपलोड करने में हुई विसंगति से मतदाताओं को हो रही समस्या की शिकायत पिछले दिनों अपर जिलाधिकारी प्रशासन-उप जिला निर्वाचन अधिकारी से की थी। लेकिन समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने सोमवार को
जिला निर्वाचन अधिकारी-जिला मजिस्ट्रेट से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी-जिला मजिस्ट्रेट को दिए पत्र में उन्होंने बताया कि मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा के बूथ संख्या- 61 मतदान केंद्र नेहरू युवा केंद्र कक्ष-1 दीनदयाल नगर की मतदाता सूची पीडीएफ - 2003 जो केंद्रीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर है। उसमें प्रथम पृष्ठ पर भाग संख्या 61 है लेकिन अंदर के सभी 39 पृष्ठ मानसरोवर कन्या इंटर कालेज के बूथ के हैं। इसकी वजह से मतदाता परेशान हैं।
सही मतदाता सूची की पीडीएफ अपलोड करा दें। जिससे मतदाताओं को फार्म भरने में आसानी हो। भाजपा नेता का कहना है कि जिला निर्वाचन अधिकारी-जिलाधिकारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। फिलहाल वह बूथ संख्या 61 की मैनुअल मतदाता सूची सदर तहसील में एसडीएम सदर से ले लें।
