बाराबंकी : नशे व गुस्से में बिखरे रिश्ते, छोटा भाई निकला बड़े भाई का हत्यारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। सगे भाई शराब के नशे में इस कदर धुत हुए कि रिश्ते किनारे रह गए और दोनों में मारपीट शुरू हो गई। गुस्से से आगबबूला हुए छोटे भाई ने लाठी से ऐसा वार किया कि बड़ा भाई बेदम होकर मर गया। घटना की रात शव ठिकाने लगाकर छोटा भाई गायब हो गया। हिरासत में रहे छोटे भाई ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है, पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।

बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र में 22 नवंबर को ग्राम बिबियापुर निवासी रामविलास त्रिवेदी के बड़े पुत्र राजेन्द्र का रक्तरंजित शव घर में तख्त के नीचे तिरपाल में छिपाया हुआ मिला। मृतक की बहन व बहनोई ने सूचना पर पहुंचकर यह दृश्य देख पुलिस को खबर की। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

घटना की रात से गायब मृतक के छोटे भाई लवलेश को पुलिस ने दबोचा और पूछताछ शुरु की तो वह टूट गया। बताया कि शराब के अत्यधिक नशे में बड़े भाई राजेन्द्र से कहासुनी हुई, बात अधिक बढ़ने पर लवलेश ने घर में रखी लाठी उठाई और राजेन्द्र पर जोरदार वार कर दिया। हमले में मरणासन्न राजेन्द्र की मौत हो गई। इसके बाद शव छिपाकर वह चला गया। पुलिस ने लवलेश को जेल भेजकर हत्या में प्रयोग की गई लाठी बरामद कर ली है।

संबंधित समाचार