बाराबंकी : शादी से लौट रही महिला के बैग से लाखों के जेवर चोरी, आरोपी महिला फरार
बाराबंकी। जैदपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई ज्वैलरी चोरी की घटना ने हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के भिटहरा गांव निवासी रेखा पत्नी नीरज सोमवार को मसौली में एक शादी समारोह से लौट रही थीं।
जैसे ही वह ई-रिक्शा से पल्हरी चौराहा पहुंचीं, उन्होंने देखा कि उनका बैग खुला हुआ है। शक होने पर जब उन्होंने बैग की जांच की तो उसमें रखा लाखों रुपये के जेवरात का डिब्बा गायब था।बैग से ढाई हजार रुपये नकद भी चोरी हो चुके थे। घटना का एहसास होते ही रेखा ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
उसी समय यातायात प्रभारी रामयतन यादव भी मौके पर पहुंच गए। रेखा के संकेत पर ई-रिक्शा में बैठी एक अन्य महिला के सामान की तलाशी ली गई। तलाशी में रेखा का ज्वैलरी बॉक्स बरामद हो गया, जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।
हालाँकि, तलाशी के दौरान मौका पाकर संदिग्ध महिला भीड़ को चकमा देकर फरार हो गई।पीड़िता रेखा ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना गंभीर है, आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे।
