बरेली: रैगिंग के आरोपी तीन छात्रों ने दिए लिखित जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी के छात्र वंश चतुर्वेदी से परिचय पूछने के नाम पर रैगिंग करने के आरोपी छात्रों ने अपने लिखित जवाब दे दिए हैं। प्राचार्य ने सभी जवाब मार्क करके संयोजक को दे दिए हैं। इस मामले में पीड़ित छात्र, दो गवाहों, लॉ विभागाध्यक्ष, कक्षा में मौजूद शिक्षिका और चीफ …

अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी के छात्र वंश चतुर्वेदी से परिचय पूछने के नाम पर रैगिंग करने के आरोपी छात्रों ने अपने लिखित जवाब दे दिए हैं। प्राचार्य ने सभी जवाब मार्क करके संयोजक को दे दिए हैं। इस मामले में पीड़ित छात्र, दो गवाहों, लॉ विभागाध्यक्ष, कक्षा में मौजूद शिक्षिका और चीफ प्रॉक्टर के भी बयान आ गए हैं। एंटी रैगिंग कमेटी बुधवार को बैठक करेगी और बैठक में आरोपी छात्रों पर कार्रवाई का निर्णय लिया जा सकता है। बुधवार को आरोपी छात्र राशिद की अंतरिम जमानत की अर्जी पर भी सुनवाई हो सकती है। मंगलवार को आरोपी छात्रों के कॉलेज में आने की खबर के चलते पुलिस भी तैनात रही।

बता दें कि 3 दिसंबर को वंश चतुर्वेदी ने राशिद मेवाती समेत 10-12 अज्ञात छात्रों पर कक्षा में घुसकर परिचय के नाम पर रैगिंग करने और रैगिंग करने के विरोध पर मारपीट का आरोप लगाया था। रैगिंग की सूचना पर चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा भी मौके पर पहुंची थीं। इसके बाद मामला एंटी रैगिंग कमेटी को भेज दिया गया था। इस मामले में छात्र वंश के बयान के आधार पर 10 लोगों से लिखित बयान मांगे गए थे। इसमें शिक्षकों के बयान तो आ गए थे लेकिन आरोपी छात्रों के बयान नहीं आए थे।

मंगलवार को आरोपी छात्र प्राचार्य दफ्तर के बाहर पहुंचे और कर्मचारी के माध्यम से अपने जवाब प्राचार्य के पास पहुंचाए। जिन छात्रों ने जवाब भेजे हैं उनमें राशिद मेवाती, संजय मेवाती उर्फ साजिद रजा खां और मधुनेश यादव हैं। जानकारी के अनुसार, छात्रों ने अपने बयान में रैगिंग से इनकार किया है।

अब कमेटी बैठक में सभी बयानों के आधार पर अपना निर्णय लेगी। पीड़ित छात्र वंश चतुर्वेदी का आरोप है कि उसके गवाहों को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन उसके गवाह टूटेंगे नहीं। कमेटी के संयोजक ने मंगलवार को विधि विभाग की कक्षा में जाकर छात्रों से भी पूछताछ की। बरेली कॉलेज में पुलिस की तैनाती के चलते छात्र छिपते-छिपाते प्राचार्य दफ्तर तक पहुंचे। चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने बताया कि लगभग सभी के बयान आ गए हैं। बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें निर्णय लिया जाएगा।

संबंधित समाचार