पराली जलाने पर 9 लेखपाल सस्पेंड: SDM और SO को कारण बताओ नोटिस,  380 मामले दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

महाराजगंज। महाराजगंज जिला प्रशासन ने पराली जलाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच सख्त रुख अपनाते हुए कथित लापरवाही के लिए नौ लेखपालों को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार तहसीलों के उप जिलाधिकारी (एसडीएम), उप निदेशक कृषि और कई पुलिस थानों के प्रभारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा कई गांव के प्रधानों को भी नोटिस भेजा गया है। 

अधिकारियों के मुताबिक, धान काटने से जुड़े दिशानिर्देश का उल्लंघन करने वाले 40 ‘कंबाइन हार्वेस्टर’ जब्त कर लिए गये हैं और कई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। महाराजगंज अभी पराली जलाने की घटनाओं में उत्तर प्रदेश में सबसे ऊपर है, जहां अब तक 380 मामले दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जागरुकता अभियान और सख्ती के बावजूद, मामलों में उम्मीद के मुताबिक कमी नहीं देखी गई है। 

जिलाधिकारी (डीएम) संतोष कुमार शर्मा ने पर्यावरण और स्वास्थ्य को होने वाले खतरों को देखते हुए इसकी नियमित समीक्षा शुरू की है। डीएम किसानों को पराली जलाने के खतरों के बारे में जागरूक करने के लिए गांवों का दौरा भी कर रहे हैं। 

डीएम शर्मा ने कहा कि जिले के लगभग 90 प्रतिशत किसान धान उगाते हैं और पराली जलाने के ज्यादातर मामले इन्हीं इलाकों से आ रहे हैं। अब तक कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और लगभग 16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में जागरुकता अभियान और सख्त कार्रवाई, दोनों जारी रहेगी।

ये भी पढ़े : 
प्रदेश की सबसे बड़ी आवासीय योजना: वरूण विहार के लिए LDA ने जमीन का लिया कब्जा, 300 एकड़ क्षेत्रफल मेें लॉजिस्टिक पार्क

संबंधित समाचार