बाराबंकी : आयोजन निपटते ही पुलिस ने ली राहत की सांस, मार्ग परिवर्तन को डटे रहे पुलिस, यातायात कर्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। अयोध्या में प्रधानमंत्री का आगमन व श्री राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का आयोजन निपटते ही पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। एक ओर मार्ग परिवर्तन सफल रहा वहीं आयोजन में आए अधिकतर मेहमानों की वापसी होने से पुलिस का भार काफी कम हो गया। बुधवार की शाम तक हाईवे पर यातायात यथावत हो जाएगा। वहीं लंबी दूरी के रुके हुए वाहन गंतव्य की ओर रवाना हो जाएंगे। 

अयोध्या के श्री राम मंदिर के शिखर पर मंगलवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम में पीएम नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर बाराबंकी में पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर रहा। रविवार की रात से ही यातायात परिवर्तन लागू कर दिया गया। वहीं सोमवार को एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने डायवर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। वह घंटों हाईवे पर रहे, इसके बाद शाम को रेलवे स्टेशन के अलावा विभिन्न स्थलों पर रहने के साथ ही मंगलवार की भोर में शहर भ्रमण किया। रात से ही परिवर्तन स्थलों पर पुलिस व यातायात कर्मी सक्रिय हो गए थे।

मंगलवार पूरा दिन छोटे बड़े वाहनों को बदले हुए मार्गाें से गंतव्य को रवाना किया गया। इसी तरह लंबी दूरी के वाहनों को निर्धारित जगहों पर खड़ा करवाया गया। पहले से तय परिवर्तित मार्गां पर पुलिस जूझती नजर आई। आयोजन स्थल से पीएम, आरएसएस प्रमुख, सीएम, राज्यपाल के रवाना होते ही पुलिस ने राहत की सांस ली। वहीं अधिकतर अतिथि भी अपने मार्गाें से वापस हो गए।

इससे पुलिस का भार और कम हो गया। मंगलवार पूरी रात व बुधवार की शाम तक मार्ग परिवर्तन लागू रखने के बाद हाईवे मुक्त कर दिया जाएगा। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मार्ग परिवर्तन सफलता से निपटा। सभी के सहयोग से किसी तरह की समस्या नहीं आने पाई। बुधवार की शाम से यातायात यथावत हो जाएगा।

संबंधित समाचार