रामपुर : सपाईयों का आरोप, जेल में आजम खां को नहीं मिल रहीं मूल सुविधाएं
राजद्वारा स्थित कार्यालय पर मंगलवार को हुई प्रेसवार्ता
रामपुर, अमृत विचार। मंगलवार राजद्वारा स्थित सपा कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता करते हुए सपाइयों ने जेल में आजम खां को आम बंदियों की तरह बर्ताव करने का आरोप लगाया है। नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने कहा कि न्यायालय के आदेश से बंद सपा नेता आजम खां को मूल सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।
आसिम राजा ने कहा कि एक वरिष्ठ राजनेता की हैसियत रखने वाले मोहम्मद आजम खां को सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। जबकि न्यायालय ने मोहम्मद आजम खां के ए-श्रेणी की सभी आवश्यक सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं। उनका आरोप है कि मोहम्मद आजम खां की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जिस बैरक में उन्हें रखा गया है, उसमें 28 खिड़कियां है जो कि क्षतिग्रस्त हैं, उनमें शीशे तक नहीं हैं। रात में बंद न होने के कारण बैरक तेज ठंडी हवाएं आती हैं, वहीं जमीन पर सोने के लिये मजबूर किया जा रहा है। कोई तख्त व गद्दा उपलब्ध नहीं कराया है। नमाज पढ़ने तथा वजू करने के लिए कुर्सी या स्टूल भी नहीं दिया जा रहा है। ठंडी रातों में ओढ़ने के लिये आवश्यक सामान कंबल आदि उपलब्ध नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि आजम खां को अनेको स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं हैं। इससे सपा कार्यकर्ताओं और रामपुर के लोगों में बहुत बेचैनी और परेशानी है। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद मोहम्मद आजम खां को सुविधाओं से वंचित रखना अत्यंत चिंता का विषय है। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष अजय सागर, पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, वरिष्ठ नेता अमित शर्मा मौजूद रहे। सभी ने जेल प्रशासन एवं जिला प्रशासन से अपील की। वरिष्ठ राजनेता मोहम्मद आजम खां की आयु एवं राजनैतिक कद को मद्देनजर रखकर एवं न्यायालय के आदेश के अनुसार आवश्यक सुविधाएं दी जाएं।
सामान्य बंदियों की तरह दी जा रही सुविधा
जेल अधीक्षक राकेश कुमार यादव ने बताया कि आजम खां को सामान्य बंदियों की तरह ही सुविधाएं दी जा रही हैं। कौन क्या आरोप लगा रहा है इसकी जानकारी नहीं है। उनके पास को पत्र ऐसा नहीं आया है।
