स्काउट्स एवं गाइड्स ने आगे बढ़कर की है समाज सेवा... 19th National Jamboree में बोले केशव मौर्य
लखनऊ, अमृत विचार: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हर संकट की घड़ी में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने सेवा और समर्पण की अद्भुत मिसाल पेश की है। कुम्भ मेले से लेकर कोरोना काल, बाढ़ और आपदा प्रबंधन तक, हर मौके पर स्काउट्स एवं गाइड्स की टीमों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर समाज की सेवा की है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा में युवाओं की बढ़ती भागीदारी देश के उज्जवल भविष्य की पहचान है।
उप मुख्यमंत्री सोमवार की शाम डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, वृंदावन योजना में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन शो की शुरुआत करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जंबूरी का उप्र. में आयोजित होना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। युवाओं के बल पर भारत को सामरिक और आर्थिक दृष्टि से महाशक्ति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। विकसित भारत का विजन तभी साकार होगा, जब युवा शक्ति अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सेवा भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
केशव मौर्य ने कहा कि जम्बूरी युवाओं को सीखने, समझने, नेतृत्व विकसित करने और संस्कारों से जुड़ने का अनूठा अवसर प्रदान करती है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करने में स्काउट्स एवं गाइड्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने संबोधन में नवोदित प्रतिभाओं में नई ऊर्जा का संचार किया और कहा कि युवा ही भारत की वास्तविक शक्ति हैं।
इस मौके पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय मुख्यायुक्त डॉ. केके खंडेलवाल, प्रादेशिक अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. प्रभात कुमार, विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्काउट्स-गाइड्स प्रतिभागी उपस्थित रहे।
