पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड... प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने खोला पूरा राज
बलरामपुर, अमृत विचार। पचपेड़वा थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के साथी को गिरफ्तार कर हत्या का पूरा षड्यंत्र उजागर कर दिया। घटना में प्रयुक्त आला-कत्ल गमछा तथा मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
25 नवंबर को श्रीमती पूनम उर्फ फूला ने अपने पति चंद्रभान गौतम के गायब होने और बाद में खेत में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी थी। मामला दर्ज होते ही एसपी विकास कुमार के निर्देश पर टीम गठित की गई और इलेक्ट्रॉनिक व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में तेजी लाई गई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पत्नी पूनम अपने पति के मौसेरे भाई चंदन से प्रेम करती थी। 23 नवंबर को पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और मारपीट की थी। इसी रंजिश में पूनम ने प्रेमी चंदन और उसके साथी सूरज गौतम के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
अगले दिन तीनों ने चंद्रभान को सागौन के बाग में ले जाकर शराब पिलाई और गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने अभियुक्त चंदन और सूरज को त्रिलोकपुर से तथा पत्नी पूनम को सिरसिहवा से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान सहित पुलिस टीम के सात कर्मी शामिल रहे।
ये भी पढ़े :
प्रयागराज में उमड़ेगा आस्था का सैलाब: माघ मेले को लेकर जंक्शन स्टेशन का निरीक्षण, एडवांस सिस्टम से लैस होगी सुविधा
