Bareilly : BLO सर्वेश की मौत पर बोला भाई...काम के दबाव में नहीं मिल रहा था सोने तक का वक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य करते समय बीएलओ के रूप में ड्यूटी कर रहे सहायक अध्यापक सर्वेश गंगवार (47) की हार्ट अटैक से मौत हाे गई। वह बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11.45 बजे भोजीपुरा क्षेत्र के परधौली स्थित प्राथमिक विद्यालय के मतदेय स्थल पर एसआईआर का कार्य कर रहे थे, तभी हार्ट अटैक आने पर गिर गए। तत्काल उन्हें एबुलेंस से मिनी बाईपास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन बार सीपीआर देने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सके।

सूचना मिलने पर एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, सीएमओ डॉ विश्राम सिंह अस्पताल पहुंच गए और डाॅक्टरों से सर्वेश के संबंध में जानकारी ली। सर्वेश के परिजनों को सूचना देकर अफसरों ने सभी प्रक्रियाओं पूरा कराकर पोस्टमार्टम के लिए शव भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार जमे रहे। सर्वेश गंगवार सर्वेश गंगवार पुत्र स्व. कृष्ण कुमार गंगवार मूलरूप से ग्राम कसरत, थाना कटरा जनपद शाहजहांपुर के निवासी थे, लेकिन वर्तमान में वह मिनी बाईपास स्थित कर्मचारी नगर क्षेत्र में कृष्णा होम कॉलोनी में रह रहे थे।

भाई बोला, काम का बोझ अधिक, नहीं मिल रहा था सोने का समय
सर्वेश गंगवार के शिक्षक भाई योगेश कुमार की ड्यूटी एसआईआर में सुपरवाइजर पद पर लगी है। योगेश ने बताया कि उनके पास स्कूल से कॉल आई कि अचानक से तबीयत खराब होने पर सर्वेश गिर पड़े हैं। हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज की संभावना जताई। इसके बाद भाई को अस्पताल लेकर गए, वह भी मिनी बाईपास स्थित निजी अस्पताल पहुंच गए। उन्हें डॉक्टरों ने देखा, अधिकारियों ने शुरुआती जांच के बाद बताया है कि उन्हें हार्ट अटैक हुआ है, लेकिन अभी वह कंफर्म नहीं है कि मौत कैसे हुई है। 

काम को लेकर अधिक लोड था। दिन में एसआईआर की साइट नहीं चल पाने से रात में 11 से लेकर 12 बजे तक काम करना पड़ रहा था। सुबह उठते ही काम पर लग जाते थे, ऐसे में सोने का समय भी नहीं मिल पा रहा था। दो माह पहले पत्नी की मौत होने से भी वह परेशान रह रहे थे। काम को लेकर प्रशासन से लेकर सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी फटकार लगाते थे। आरोप है कि काम के दबाव के चलते यह घटना हुई है। एसआईआर कार्य में सबसे बड़ी कमी है कि 2003 के बाद जिन महिलाओं की शादी हो गई, अब वह ससुराल में रह रही हैं, तो उनके मायके की लिस्ट लाने का कार्य सबसे मुश्किल काम है।

दो जुड़वां बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
शिक्षक सर्वेश कुमार की पत्नी प्रभा की मौत दो माह पहले कैंसर से हो गई है। उनके दो जुड़वां बच्चे अहाना और अयांश पांच साल के है। सर्वेश कुमार की मौत से उनके दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। उनके भाई ने बताया कि कभी भी काम का बोझ इतना ज्यादा नहीं रहा जितना इस बार है।

सर्वेश का कार्य बेहतर, प्रशासन ने होनहार सहयोगी खोया : डीएम
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि बीएलओ ड्यूटी में तैनात सर्वेश गंगवार एसआईआर में बेहतर कार्य कर रहे थे। वह परधौली के प्राथमिक विद्यालय मतदेय केंद्र पर सुबह एसआईआर कार्य करते समय हार्ट अटैक आने पर बेहोश हो गए। तुरंत उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन बार सीपीआर दी गई थी। सर्वेश ने एसआईआर कार्य में जनपद के ओवरआल प्रतिशत से ज्यादा 46.24 प्रतिशत अपना लक्ष्य प्राप्त कर लिया था। उनके बूथ पर 1051 मतदाता थे, जिसमें से वह 446 का पुनरीक्षण कर फीडिंग कर चुके थे। डीएम ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके काम को सराहना मिली थी। प्रशासन ने अपना होनहार सहयोगी खोया है। जिला प्रशासन पूरी तरह से शोक संतृप्त परिवार के साथ खड़ा है।

संबंधित समाचार