चित्रकूट : हदबंदी के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में कानूनगो गिरफ्तार
बांदा की एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
चित्रकूट, अमृत विचार। एंटी करप्शन ट्रैप टीम ने गुरुवार को एक राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस पर हदबंदी के नाम पर पांच हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली अंतर्गत कालूपुर पाही निवासी रामप्रकाश पुत्र शिवलाल प्रसाद ने इस संबंध में बांदा के एंटी करप्शन थाने में शिकायत की थी।
उसका कहना था कि तहसील कर्वी में तैनात राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह उससे उसके गाटा नंबर 195 की हदबंदी कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे। इस पर गुरुवार को निरीक्षक राकेश सिंह की अगुवाई में टीम शिकायतकर्ता के बताए स्थान कर्वी में शारदानगर राजापुर रोड पहुंच गई।
वहां राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह पुत्र स्व. मुन्नूलाल निवासी ग्राम महुराई थाना बदौसा (बांदा) को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
