बरेली: 17 को किसान सम्मेलन के जरिए आंदोलन की धार को कुंद करेंगे सीएम
अमृत विचार, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 17 दिसम्बर को विधान सभा क्षेत्र भोजीपुरा के एल्डिको के मैदान पर किसान सम्मेलन के जरिए किसानों के आंदोलन की धार को कुंद करने के साथ ही कृषि बिल के बारे में बताएंगे। क्योंकि भाजपा कुछ जगहों पर हो रहे किसान आंदोलन को विपक्षी दलों की साजिश मान …
अमृत विचार, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 17 दिसम्बर को विधान सभा क्षेत्र भोजीपुरा के एल्डिको के मैदान पर किसान सम्मेलन के जरिए किसानों के आंदोलन की धार को कुंद करने के साथ ही कृषि बिल के बारे में बताएंगे। क्योंकि भाजपा कुछ जगहों पर हो रहे किसान आंदोलन को विपक्षी दलों की साजिश मान रही है। इसे नाकाम करते हुए प्रदेश व केंद्र सरकार को किसान हितैषी साबित करने की कोशिश करेंगे। इसको लेकर भाजपा नेताओं ने तैयारी तेज कर दी है। किसानों को कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था की है।
सीएम का कार्यक्रम बरेली में होने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। क्योंकि उत्तराखंड की सीमा और पश्चिमी यूपी का प्रमुख केंद्र है। यहां पर विपक्षी दलों की साजिश के जरिए आंदोलन तेज न हो जाए, इसके लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। क्योंकि अगर आंदोलन की आग यहां पर तेज हुई तो बड़े क्षेत्र में फैल सकती है। देश और प्रदेश की राजधानी के बीच किसान सम्मेलन को सफल बनाने के लिए बरेली, शाहजहांपुर,पीलीभीत, बदायूं, आंवला के जिला व महानगर अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है।
इन्हें गांव से किसानों को लाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मोदी और योगी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को समझ सकें। इसको लेकर मंगलवार को जिला अध्यक्ष पवन शर्मा ने दिव्यानंद आश्रम भोजीपुरा में जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को इस रैली के संबंध में जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर हर्षवर्धन आर्य, दुर्वविजय सिंह शाक्य, संजीव अग्रवाल, वीरपाल गंगवार, नीरेंद्र सिंह राठौर, चंचल गंगवार, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, अंकित शुक्ला, निर्भय गुर्जर, नरेंद्र गंगवार, अजय सक्सेना, राहुल साहू, अभय चौहान, डॉ. मनोज गुप्ता, मुकेश राजपूत, देवेंद्र सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
देर रात तक लोकार्पण का खाका तैयार करने में जुटे
सीएम के आगमन को देखते हुए लोक निर्माण और सेतु निगम के अफसर अपने विभागों के कार्यों के लोकार्पण का खाका तैयार करते रहे। अफसर ऐसी सड़कों और शासन से निर्माण के लिए मंजूरी मिलने वाली परियोजनाओं का पूरा ब्योरा जुटाने में जुट गए है। इसमें संभावना व्यक्ति की जा रही है कि जिले की कुछ सड़कें, पुल, अटल आवासीय विद्यालय, यूनानी मेडिकल और अस्पताल हो सकता है। फिलहाल आधिकारिक रूप से अभी तक सूचना नहीं जारी की गई है।
सह संगठन महामंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष पहुंचे
सीएम के आगमन को देखते हुए भाजपा के बड़े नेताओं का आगमन होने लगा है। प्रदेश के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह बरेली में जमे हुए है। जबकि बुधवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी भी पहुंच जाएंगे। इसके आलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना है।
