बरेली: ‘बिजली की अंधाधुंध खपत वाले टॉप टेन कार्यालय चिह्नित करें’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद सरकारी कार्यालयों में हो रही बिजली की फिजूलखर्ची रोकने को लेकर गंभीर हो गये हैं। उन्होंने बिजली की अधिक खपत करने वाले सरकारी कार्यालयों पर कार्रवाई करने का मन बनाया है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यालयों में बिजली की अधिक खपत रोकें और …

अमृत विचार, बरेली। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद सरकारी कार्यालयों में हो रही बिजली की फिजूलखर्ची रोकने को लेकर गंभीर हो गये हैं। उन्होंने बिजली की अधिक खपत करने वाले सरकारी कार्यालयों पर कार्रवाई करने का मन बनाया है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यालयों में बिजली की अधिक खपत रोकें और जिन विभागों में ज्यादा खपत हो रही है, उन टॉपटेन विभागों को चिह्नित कर उसकी आख्या कमिश्नरी भेजें। साथ ही कहा कि टॉपटेन सूची मिलने पर सरकारी विभागों से बिजली बिल वसूली की कार्रवाई कराएंगे।

मंगलवार को अपने कार्यालय के सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक लेते हुये मंडलायुक्त ने कहा कि किसानों को सिंचाई की मांग के अनुसार नहरों में पानी पहुंचाने का कार्य तत्परता से कराएं। नहरों की सफाई बीडीओ की टीमें लगाकर करें। इसके साथ लोनिवि को सड़कों के गड्ढा तत्काल भरवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसी सड़क की शिकायत न मिले कि गड्ढे नहीं भरे गये। शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बीडीओ की टीम बनाकर नहरों की सफाई का सर्वे कराकर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने नदियों के किनारे अतिक्रमण को हटवाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने सभी नदियों, झील व तालाब आदि की सफाई के कार्य में भी तेजी लाने को कहा। बैठक में पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर के कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

गायों को सर्दी से बचाने को गौआश्रय स्थलों में जूट वाले पर्दे लगाएं

मंडलायुक्त ने सभी जिलों के अधिकारियों से कहा कि गौआश्रय स्थलों में रह रहीं गायों को सर्दी से बचाने के तत्काल उपाय कराएं। आश्रय स्थलों में जूट वाले पर्दे लगाएं, ताकि ठंड एवं ठिठुरन से गाय सुरक्षित रह सकें। मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल में जो परियोजनाएं चल रही हैं, उनका नियमित अनुश्रवण किया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए प्रत्येक अधिकारी निष्ठा से कार्य करें।

कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारियां की समीक्षा की

मंडलायुक्त ने मंगलवार को बैठक में कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारियों की भी समीक्षा की। सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमों के तहत कोविड वैक्सीन लगाने की तैयारी करने के निर्देश दिये गये। शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: से पालन करने को कहा।

पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज की डीपीआर पर अग्रिम कार्रवाई करें

मंडलायुक्त ने बदायूं और शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेजों की प्रगति की समीक्षा की। शासन स्तर पर लंबित प्रकरण पर उचित माध्यम से विशेष टीम बनाकर अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिये। पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज की डीपीआर पर अग्रिम कार्रवाई कर उन्हें अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।

 

संबंधित समाचार