Lucknow News: C&DS के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक पर FIR, 2.23 करोड़ की कमाई पर खर्च कर दिये 4.70 करोड़ रुपये

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: जल निगम की कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक आशुतोष कुमार राय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई विजिलेंस ने गोपनीय जांच के बाद की हैं। जांच के अनुसार सीजीएम के पास 2,47,46,596 रुपये की अघोषित आय है। जिसका कोई स्रोत स्पष्ट नहीं है।

विजिलेंस की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक आशुतोष ने सेवा अवधि के दौरान वेतन व अन्य सभी वैध स्रोतों से 2,23,02,171 रुपये की आय अर्जित की थी। उन्होंने संपत्तियों को खरीदने और परिवार के भरण-पोषण में कुल 4,70,48,767 रुपये व्यय किए। कमाई और खर्च में 2,47,46,596 रुपये अंतर पाया गया। इसके बारे में जवाब-तलब पर उन्होंने विजिलेंस को कोई लेखा-जोखा और स्पष्टीकरण नहीं दिया। विजिलेंस ने शासन को रिपोर्ट भेज दी थी। इसके साथ ही आशुतोष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना करने की अनुमति मांगी थी। 31 अक्तूबर को शासन ने विजिलेंस को अनुमति दी थी। जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है। विजिलेंस की टीम मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार