UP: सरकारी भूमि पर काट डाले 44 पेड़...दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
टांडा (रामपुर) अमृत विचार। राजस्व भूमि पर खड़े यूके लिप्टिस के पेड़ों की अवैध कटान कर 44 पेड़ काट दिए। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहसील क्षेत्र के लेखपाल ने अपनी तहरीर में बताया कि रविवार को सूचना मिली कि ग्राम की गाटा संख्या 15/3 में लगे पेड़ों को चोरी से काटा जा रहा है। मौके पर राजस्व निरीक्षक सोमपाल सिंह के साथ पहुंचने पर पेड़ काट रहे लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित औजार लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ कटान का कार्य सुबह करीब 5 बजे से सिफ्ते हसन तथा एक अज्ञात द्वारा कराया जा रहा था।
लेखपाल द्वारा घटना स्थल पर गिरे पेड़ों की गिनती में कुल 44 पेड़ पाए गए, जिनकी सुपुर्दगी ग्राम प्रधान मुंडिया रसूलपुर को कर दी गई है। आरोपियों पर ग्राम सभा को राजस्व हानि पहुंचाने का आरोप है। राजस्व विभाग के प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली टांडा पुलिस ने आवश्यक धाराओं में सिफ्ते हसन व एक अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
