बाराबंकी : गौशालाओं में मिली खामियों पर बीडीओ ने लगाई फटकार, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। बनीकोडर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) डॉ. विनय कुमार मिश्र ने शुक्रवार को क्षेत्र की दो गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। बीडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि गौशालाओं में पशुओं की उपेक्षा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सकतपुर गौशाला में जहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं कई जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश मौके पर ही दे दिए गए। उन्होंने टीन शेड पर तिरपाल लगाने, खड़ंजा कार्य तेजी से पूरा कराने, नर-मादा पशुओं के लिए अलग गेट बनाने और पानी की अतिरिक्त चरी का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा। यहां 360 पशु संरक्षित मिले।

इसके बाद बीडीओ सूरजपुर गौशाला पहुंचे, जहां 107 गौवंश संरक्षित हैं। व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं, लेकिन उन्होंने ठंड के मौसम को देखते हुए भूसा, चारा, साइलेंज और अन्य सभी जरूरी इंतजाम और सुदृढ़ करने को कहा। बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्र ने कहा कि पशुओं की सुरक्षा, देखभाल और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई तय है। उन्होंने निर्देश दिया कि ठंड के दौरान गौवंश की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए।

संबंधित समाचार