हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सवः सांस्कृतिक मंच पर नृत्य और सम्मान का संगम
लखनऊ, अमृत विचार : स्मृति उपवन में मां गायत्री जन सेवा संस्थान और नीशू वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद पूजा जायसवानी, विशिष्ट अतिथि डॉ. मालविका हरिओम, सीमा जायसवानी, अलका जायसवानी तथा आयोजक अरुण प्रताप सिंह, गुंजन वर्मा, रनवीर सिंह और हेमू चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत क्रिएटिव डांस अकैडमी की निर्देशिका अर्पिता सिंह के संयोजन में नृत्य प्रस्तुति से हुई। अविका, आरिका, विद्यांशी, अंशिका, वरा, भूमि, नेहल, समृद्धि और वैष्णवी की प्रस्तुतियों ने मंच पर पारंपरिक कला की सुंदर छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में रेयान मंच की ओर से रेयान अस्मिता सम्मान 2025 प्रदान किया गया। पिछले दस वर्षों से प्रति वर्ष 24 उत्कृष्ट महिलाओं को दिए जाने वाले इस सम्मान में इस बार भी विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को चुना गया। गृहिणी सम्मान, जो अपने परिवार के लिए करियर और शिक्षा का त्याग करने वाली महिलाओं को समर्पित है, इस वर्ष मधु गुप्ता को प्रदान किया गया। सम्मान वितरण में मुख्य अतिथि डॉ. मालविका हरिओम, विशिष्ट अतिथि ऐश्वर्या सिन्हा, अति विशिष्ट अतिथि रेयान सिन्हा और कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अनीता श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
सम्मानित महिलाओं में विजयलक्ष्मी श्रीवास्तव, मीना भारती, दीप्ति सिंह, अपर्णा तिवारी, नम्रता मिश्रा, प्रिया मित्तल, शिखा श्रीवास्तव सहित अन्य शामिल रहीं। सभी को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अद्विका तिवारी का प्रदर्शन सराहा गया। लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक द्वारा वैष्णवी, अक्षिता और रिधिमा की गणेश वंदना, सिद्धि का भजन तथा समूह नृत्य ने वातावरण को जीवंत बनाया। अनोखी की नगाड़े संग ढोल बाजे प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।
महोत्सव समिति के मोनालिसा, रोली जयसवाल, मनोज सिंह चौहान और विवेक सिंह की उपस्थिति रही। संचालन प्रदीप शुक्ला ने किया।
