कानपुर : बीएस पार्क में कब्जों पर चला बुलडोजर, सड़क पर आई गृहस्थी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जलकल के पंपिंग स्टेशन के आस-पास कब्जाकर वर्षों से रह रहे थे कर्मचारी

कानपुर, अमृत विचार। बी.एस पार्क जोनल पंपिंग स्टेशन में अवैध कब्जे को मंगलवार को गिरा दिया गया। जलकल के अधिकारियों ने दस्ते की मदद से एक दुकान समेत 11 अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। जलकल जीएम ने पिछले गुरुवार को निरीक्षण कर कब्जों को खाली करने के निर्देश दिए थे, मंगलवार को जैसे ही टीम पहुंची लोगों में हड़कंप मच गया। दस्ते ने कुछ निर्माणों को खाली करने का समय भी दिया जिसके बाद गिराने की कार्रवाई की। जलकल जीएम एके त्रिपाठी ने बताया कि दो दिनों में मलबा हटा दिया जायेगा। 

बी.एस पार्क में जलकल विभाग के सेवानिवृत कर्मचारी, नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी तथा अवैध कब्जेदार वर्षों से निवास कर रहे थे। यहां परिसर में दुकाने भी संचालित हो रही थी। जलकल जीएम ने जब यहां निरीक्षण किया तो पाया था कि सभी घरों में विद्युत कनेक्शन भी दिया गया था। उन्होंने सभी कबजेदारों को एक सप्ताह के अंदर कब्जे खाली करने के निर्देश दिए थे।

इस पर मंगलवार को जोनल अधिकारी राजेश सिंह और अधिशाषी अभियंता ईश्वरचंद्र की अगुवाई में जलकल का दस्ता मौके पर पहुंचा। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। दस्ते को देखकर यहां रह रहे लोगों ने अपनी गृहस्थी को हटाकर सड़क व फुटपाथ पर रख दिया। अपने ही सामने घरों को टूटता देख कई महिलाएं और बच्चे रोते बिलखते भी दिखे। लेकिन, दस्ते ने किसी की नहीं सुनी। छिट-पुट विरोध के बीच अवैध निर्माण को गिरा दिया गया।

संबंधित समाचार