बदायूं : हर भाजपा कार्यकर्ता को डिप्टी सीएम समझकर काम करें अधिकारी : केशव प्रसाद
क्षेत्रीय अध्यक्ष की भतीजी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
बदायूं, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य की भतीजी में शामिल होने पहुंचे। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों से कहा कि हर भाजपा कार्यकर्ता को डिप्टी सीएम समझकर काम करें। जिसके बाद उन्होंने राजकीय मेडिकल का निरीक्षण किया। फिर शादी समारोह में शामिल होने के बाद बरेली रवाना हो गए।
कलेक्ट्रेट में विकास और कानून व्यवस्था आदि संबंधी बैठक में अधिकारियों से गंभीरतापूर्वक व निष्ठा से काम करने को कहा। कहा कि साल 2047 तक देश विकसित भारत बन जाएगा। प्रदेश भी विकास उत्तर प्रदेश होगा। जिन विभागों से शिकायत प्राप्त हो, जांच के आदेश उसी अधिकारी को न दें। ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका निस्तारण व समाधान न किया जा सके। चकमार्ग पर अवैध कब्जे व सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें लखनऊ तक आती हैं। अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें। कस्बा के लिए विशेष अभियान चलाकर निस्तारित कराएं। अमृत सरोवरों को जगमग किया जाए। सीमांकन कराने के आवेदनों की जानकारी ली। डीएम अवनीश राय ने बताया कि 90 दिन से पुराना कोई मामला लंबित नहीं है। डिप्टी सीएम ने इस प्रकार के मामलों का निस्तारण गंभीरता से लेने को कहा। धान खरीद की स्थिति जानने के लिए केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को कहा। डीएम ने बताया कि जिले को 37 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य की पूर्ति प्रयास किए जा रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में खाद की कमी नहीं है। किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीएसए वीरेंद्र कुमार से डीबीटी की जानकारी की। यूनिफार्म बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह की दीदियों और अभिभावकों को प्रेरित करने को कहा। जिससे दीदियां लखपति दीदी और आत्मनिर्भर बनें। हर घर नल से जल के लिए हर ब्लॉक में दस-दस ग्राम सभाओं का निरीक्षण करने को कहा। शतप्रतिशत काम पूरा करके जल की आपूर्ति करें। उन्होंने बिजली आपूर्ति और ट्रांसफार्मर की जानकारी की। विद्युत विभाग की समीक्षा अलग से करने को कहा। सड़क पर गोवंश नजर नहीं आने चाहिए। गो आश्रय स्थल पर सीसीटीवी जरूर लगवाएं। योजनाओं के लिए पात्रों का सही से चयन किया जाए। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह से कानून व्यवस्था के बारे में पूछा। सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि आकांक्षात्मक ब्लॉक के संबंध में जिले के अंबियापुर ब्लॉक को देश में दूसरा स्थान मिला है। इस ब्लॉक को एक करोड़ रुपये अलग से दिए जाएंगे। अंबियापुर की बीडीओ शैली गोविल और केंद्र सरकार के शोधार्थी आशीष वर्मा को सम्मानित किया। कहा कि वह एक महीने के बाद फिर से जिले का दौरा करके चौपाल में प्रतिभाग करेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना, शारदेंदु पाठक आदि उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारियों का बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
डिप्टी सीएम ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने को कहा। जिसपर ग्राम चौपाल आदि कार्यक्रमों की सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा। तहसील स्तर पर एसडीएम, सीओ और बिजली विभाग के अधिकारियों व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की नियमित बैठक करें। जिससे आमजन की समस्याओं का निस्तारण हो सके।

अगले साल जनवरी में पूरा हो जाएगा नर्सिंग कॉलेज का निर्माण
डिप्टी सीएम 27 नवंबर के बाद 10 दिसंबर को भी राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। मेडिकल कॉलेज व संबद्ध चिकित्सालय में चिकित्सा शिक्षकों और स्टाफ की उपलब्धता, शिक्षण व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कार्यदायी संस्थाओं यूपीआरएनएन, यूपी सीडीको व सी एंड डीएस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित निर्माण कामों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराएं। निर्माण कार्यों से संबंधित सभी समस्याएं कॉलेज प्रशासन लिखित मे उपलब्ध कराए। स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने को कहा। यूपी सीडीको के अधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य जनवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। फरवरी 2026 तक उसे मेडिकल कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि एनएमसी के मानकों के अनुसार मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षकों और स्टाफ की कमी है। कॉलेज के शिक्षक व कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पण से कर रहे हैं। निर्माण कार्य पूरे न होने से कुछ विभाग प्रभावित हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सदर विधायक, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे।

सदर विधायक के आवास पर हुआ स्वागत
वह सदर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के आवास पर पहुंचे। जहां उनके परिजनों ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया। सदर विधायक, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की। ढोल नगाड़े बजे और आतिशबाजी हुई। डिप्टी सीएम ने नवविवाहित जोड़े माधव गुप्ता और इति को आशीर्वाद दिया।
बूथ लूटकर जीतते से चुनाव, एसआईआर है शुद्धिकरण
बैठक के बाद प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अब तक बूथ लूटकर चुनाव जीता जाता रहा है। जो अब नहीं होगा। एसआईआर को शुद्धिकरण और चुनाव आयोग की प्रक्रिया बताया। जिससे राजनैतिक अपराध नहीं होगा। लोग डबल इंजन की सरकार से खुश हैं। अब सपा की हालत खराब हो गई है। वंदे मातरम को लेकर चल रहे विवाद पर बोले कि वंदे मातरम राष्ट्रीय महामंत्र है। विपक्ष के दिमाग में सत्ता बैठी है। सपा के पीडीए को फर्जी बताया। बिहार से लौटते समय एअरपोर्ट पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ वायरल हुए फोटो के बारे में बताया कि अखिलेश ने उनसे पूछा था कि मिठाई कब खिला रहे हो। अब लड्डू लेकर ढूंढ रहे हैं लेकिन अखिलेश मिल नहीं रहे।
