सीएम ग्रिड: तीसरे चरण की तैयारी, पहले में ही लेट लतीफी, मेयर ने जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) के तहत शहर में मॉडल टाउन इलाके में पहले चरण के कार्य ही पूरे नहीं हो सके हैं, जबकि शासन ने तीसरे चरण की तैयारी के निर्देश दिए हैं। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने पहले चरण के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मेयर सुबह मॉडल टाउन क्षेत्र में पहुंचे तो कई जगह काम की सुस्ती देखकर कड़ी नाराजगी जताई। जहां पार्किंग बननी थी वहां खाली स्थान देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्य को बेहतर गुणवत्ता के साथ तय समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

मेयर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री, अधूरे कार्य और साइट मैनेजमेंट के कार्यों को परखा जिसमें कई कमियां मिलीं। मेयर ने पहले चरण के कार्यों को मार्च तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए और लापरवाही उजागर होने पर कार्रवाई को चेताया। रोड पर अतिक्रमण देख मेयर ने अधिकारियों को दो दिन में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने को कहा। 

इस मौके पर पार्षद पति अतुल कपूर, चीफ इंजीनियर मनीष अवस्थी, सहायक अभियंता मुकेश शाक्य समेत अन्य मौजूद रहे। मेयर डा. उमेश गौतम ने बताया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों का अब हर सप्ताह निरीक्षण किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार