PM Modi Ethiopia Visit: इथियोपिया पहुंचे PM मोदी, प्रधानमंत्री अली ने किया गर्मजोशी से स्वागत, संसद के संयुक्त सत्र को करेंगे संबोधित
अदीस अबाबा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों की चार दिन की यात्रा के दूसरे पड़ाव में मंगलवार को यहां पहुंचे। हवाई अड्डा पहुंचने पर इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इथियोपिया के प्रधानमंत्री पीएम मोदी का स्वागत करने के बाद खुद गाड़ी चलाते हुए उन्हें अपनी गाड़ी में होटल लेकर गये। अली रास्ते में प्रधानमंत्री मोदी को विज्ञान संग्रहालय तथा फ्रेंडशिप पार्क भी लेकर गये।
हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री के स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुति के अलावा बच्चों ने विशेष रूप से नृत्य प्रस्तुति दी। प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का भी निरीक्षण किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी प्रधानमंत्री अली के निमंत्रण पर दो दिन की यात्रा पर इथियोपिया गए हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इथियोपिया की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा है। यह ऐतिहासिक यात्रा भारत-अफ्रीका संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हो रही है।
इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा न केवल देश का राजनीतिक केंद्र है, बल्कि अफ्रीकी संघ का मुख्यालय भी है। यह यात्रा 2023 में भारत की अध्यक्षता के दौरान जी 20 में अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किए जाने की पृष्ठभूमि में और भी महत्वपूर्ण हो जाती है जो विकासशील देशों की आवाज़ को बुलंद करने के लिए भारत की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
यात्रा के दौरान मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री के साथ उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता करेंगे जिसका उद्देश्य कृषि, निवेश और विकास सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करना है। दोनों नेता पहले 2023 में जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मौके पर मिले थे।
प्रधानमंत्री इथियोपियाई संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे, जहां उनसे भारत की लोकतांत्रिक यात्रा, साझा सभ्यतागत मूल्यों और भारत-इथियोपिया साझेदारी की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालने की उम्मीद है, विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी और ग्लोबल साउथ के लिए विकास पहलों में। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में भी विस्तारित सहयोग की प्रबल उम्मीदें हैं। प्रधानमंत्री की इथियोपिया यात्रा जॉर्डन में एक बेहद सफल पड़ाव के बाद हो रही है।
ये भी पढ़े :
जब खुद चलाई कार... जॉर्डन के Crown Prince ने PM मोदी को Museum तक दी लिफ्ट, वायरल हुई तस्वींर
