अयोध्या : यहां नहीं चलता अपर मुख्य सचिव का आदेश, अतिरिक्त शिक्षकों से कार्य न लेने का मामला
अयोध्या कार्यालय,अमृत विचार : अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार ने 21 अक्टूबर 2025 को आदेश जारी कर परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों को उनके मूल विद्यालय से इतर संबद्ध न करने, साथ अन्य जगह पर संबद्ध शिक्षकों को उनके मूल विद्यालय वापस भेजने का निर्देश दिया था। जिले में उनका आदेश कोई मायने नहीं रखता है। अब शिक्षकों को डायट में मूल्यांकन के लिए लगा दिया गया है जबकि अधिकतर शिक्षक पहले से बीएलओ और सुपरवाइजर का कार्य अलग देख रहे हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय द्वारा 16 दिसम्बर को जारी आदेश में डीएलएड प्रशिक्षण प्रथम सेमेस्टर परीक्षा वर्ष अक्टूबर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परिषदीय प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को लगा दिया गया है। इसके लिए जिले के विभिन्न विकास खंडों के कुल 18 शिक्षकों को जुटाया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि डायट प्राचार्य के निर्देश पर व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अपर मुख्य सचिव के आदेश का कोई उल्लंघन नहीं किया जा रहा है।
