लोकसभा में आज दिल्ली प्रदूषण संकट पर होगा घमासान, 'जी राम जी' विधेयक को लेकर चर्चा संपन्न, विपक्ष का हंगामा जारी
दिल्ली। लोकसभा में सदस्यों की मांग पर दिल्ली में प्रदूषण संकट को लेकर गुरुवार को चर्चा होगी और इसकी शुरुआत कांग्रेस सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर बन चुके प्रदूषण के संकट पर यह चर्चा नियम 193 के तहत कराई जाएगी और श्रीमती वाड्रा के साथ ही डीएमके की कनिमौझी करुणानिधि और भाजपा की बांसुरी स्वराज अपने दलों की तरफ से चर्चा की शुरुआत करेंगी।
पर्यावरण मंत्री देंगे जवाब
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव दिल्ली की हवा को बेहतर बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी देते हुए चर्चा का जवाब दे सकते हैं। प्रदूषण के संकट पर लोकसभा में 'वीबी जी राम जी (संशोधन) विधेयक 2025' पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के जवाब के बाद चर्चा कराई जाएगी। इस विधेयक पर बुधवार आधी रात तक सदन में चर्चा चली थी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी पिछले सप्ताह दिल्ली में प्रदूषण के मुद्दे को शून्य काल उठाया था और इस पर चर्चा की मांग की थी। विपक्ष के अन्य कई दलों के नेताओं ने भी दिल्ली में प्रदूषण के संकट पर सदन में चर्चा करने का लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया था।
लोकसभा में 'जी राम जी' विधेयक पर चर्चा संपन्न
लोकसभा में बुधवार देर रात को नए ग्रामीण रोजगार विधेयक पर चर्चा पूरी हो गई। यह विधेयक 20 साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) अधिनियम की जगह लेगा। रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (विकसित भारत - जी राम जी) विधेयक, 2025 पर बुधवार को आधी रात के बाद चर्चा संपन्न हुई। चर्चा में 98 सदस्यों ने भाग लिया। लोकसभा की कार्यवाही देर रात एक बजकर 35 मिनट पर स्थगित हुई। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बृहस्पतिवार को इस चर्चा का जवाब देंगे।
तीखे विरोध के बीच लाया गया लोकसभा में बिल
सरकार ने विपक्ष के तीखे विरोध के बीच मंगलवार को लोकसभा में ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025’ पेश किया था, जो मनरेगा के स्थान पर लाया गया है। लोकसभा में दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण पर भी चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा चर्चा शुरू किए जाने की संभावना है। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद के. कनिमोई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बांसुरी स्वराज ने भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है।
संसद परिसर में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कई घटक दलों ने ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक’ के खिलाफ बृहस्पतिवार सुबह संसद परिसर में प्रदर्शन किया। यह प्रस्तावित कानून महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का स्थान लेगा। कांग्रेस, द्रमुक और कई अन्य दलों के सांसद संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के निकट एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अपने हाथों में महात्मा गांधी की तस्वीर वाली तख्तियां भी ले रखी थीं। विपक्षी सांसदों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा से संसद के मकर द्वार तक मार्च किया।
जी राम जी विधेयक पर लोकसभा में बुधवार देर रात चर्चा संपन्न हुई। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बृहस्पतिवार को चर्चा का जवाब देंगे और फिर इसे पारित किया जाएगा। विपक्ष का आरोप है कि सरकार मनरेगा को नष्ट कर रही है और योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना राष्ट्रपिता का अपमान है। सरकार ने कहा है कि इस योजना से लोगों को अब 100 के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा तथा इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था का चौतरफा विकास होगा।
