Rampur: निकाह का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म दो पर रिपोर्ट
रामपुर, अमृत विचार। युवक ने महिला को निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से इंकार कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर मिलने पर दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर निवासी एक महिला ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में किराये पर रहने वाले आसिफ से करीब एक वर्ष पूर्व उसकी जान पहचान हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि आसिफ ने उसे निकाह का भरोसा दिया। इसी बहाने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि इस पूरे मामले की जानकारी आसिफ के बड़े भाई हनीफ और उसकी भाभी को भी थी। उन्होंने भी निकाह आसिफ से ही कराने की बात कही थी। करीब तीन माह पूर्व आसिफ का परिवार उसी मोहल्ले में किराये पर रहने लगा।
इस दौरान भी आसिफ लगातार निकाह का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोप है कि आठ दिन पूर्व आसिफ ने उसे मकान की छत पर बुलाकर फिर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब पीड़िता ने निकाह की बात कही तो उसने निकाह करने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता अपने मामा के साथ आसिफ के किराये के मकान पर गई। जहां आरोपी के भाई हनीफ ने गाली गलौज करते हुए उन्हें भगा दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
