कभी कूड़ा होता था डंप आज बना प्रेरणा स्थल...वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान, PM मोदी की स्वच्छ भारत मिशन की भावना साकार
लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया अपनाते हुए पूरे क्षेत्र को कूड़ा मुक्त किया गया। अब इसे राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित कर भव्य स्वरूप प्रदान किया गया।
लखनऊ, अमृत विचार: पहले जहां कभी कूड़ा डंप होता था राजधानी का यह क्षेत्र आज प्रेरणा स्थल बन चुका है। लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया अपनाते हुए पूरे क्षेत्र को कूड़ा मुक्त कर दिया गया है। अब इसे राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित कर भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। इसी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 दिसंबर को करने जा रहे हैं।
गुरुवार को नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम लखनऊ सीमा क्षेत्र में नवनिर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मंत्री ने कहा कि यह स्थल लखनऊ नगर के लिए एक प्रेरणादायी और उदाहरण प्रस्तुत करने वाला केंद्र बनेगा। श्री शर्मा ने बताया कि नगर निगम लखनऊ क्षेत्र में वर्ष 2016 तक आईआईएम रोड, घैला स्थित स्थल एकमात्र डंपिंग स्थल था, जहां प्रतिदिन पूरे नगर से उत्सर्जित ठोस अपशिष्ट का परिवहन कर डंप किया जाता था। उस समय वैज्ञानिक निस्तारण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध न होने के कारण घैला डंपिंग स्थल पर लगभग 6,33,911 मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट एकत्र हो गया था, जिससे पर्यावरण, भू-जल और आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।
नगर विकास मंत्री ने बताया कि लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया अपनाते हुए इस पूरे क्षेत्र को कूड़ा मुक्त किया गया है और अब इसे राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित कर भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करते हुए यह कार्य स्वच्छ भारत मिशन की भावना को साकार करता है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की परियोजनाएं अन्य नगरों के लिए भी मॉडल के रूप में प्रस्तुत की जानी चाहिए।
