Jalaun News: जालौन में किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छौना में शुक्रवार देर रात एक किसान की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गयी। रामपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (58) के रूप में हुई है। वीरेंद्र कुमार पेशे से किसान थे। मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के ही रहने वाले अखिलेश को हत्या का नामजद आरोपी बनाया है।

गुड्डी देवी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे वह अपने पति वीरेंद्र कुमार के साथ खेत पर गई थीं। उसी समय गांव का अखिलेश भी वहां मौजूद था, जिसके हाथ में कुल्हाड़ी थी। आरोप है कि अखिलेश शराब के नशे में था। कुछ देर बाद गुड्डी देवी घर लौट आईं, जबकि उनके पति खेत पर ही रुक गए। 

देर रात तक जब वीरेंद्र कुमार घर नहीं पहुंचे तो वह चिंतित होकर उनकी तलाश में निकलीं। खोजबीन के दौरान रास्ते में स्थित एक मढैया के पास उन्होंने अपने पति को जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। वीरेंद्र कुमार की गर्दन के बाईं ओर कुल्हाड़ी से गहरा वार किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस के साथ माधौगढ़ क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव मौके पर पहुंचे। 

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी अखिलेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

संबंधित समाचार