मुरादाबाद: सपा सांसद के सामने पिंकी बोली, अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर किया निकाह
मुरादाबाद,अमृत विचार। धर्म परिवर्तन कर दूसरे समुदाय के युवक के साथ निकाह करने वाली पिंकी अब पति और जेठ की रिहाई के लिए जंग लड़ रही है। गुरुवार को ससुरालयों के साथ जाकर उसने सपा सांसद डा. एसटी हसन से मुलाकात की। इस दौरान उसने दोनों की रिहाई की गुहार लगाई। साथ ही नारी निकेतन …
मुरादाबाद,अमृत विचार। धर्म परिवर्तन कर दूसरे समुदाय के युवक के साथ निकाह करने वाली पिंकी अब पति और जेठ की रिहाई के लिए जंग लड़ रही है। गुरुवार को ससुरालयों के साथ जाकर उसने सपा सांसद डा. एसटी हसन से मुलाकात की। इस दौरान उसने दोनों की रिहाई की गुहार लगाई। साथ ही नारी निकेतन में जबरन गर्भपात कराने के बयानों पर भी टिकी रही। जिस पर सांसद ने दोनों की रिहाई के लिए एसएसपी व अधिवक्ता से मिलने की सलाह दी। वहीं उन्होंने कहा कि इस मामले को सांप्रदायिक रंग देकर माहौल खराब करने की कोशिश न की जाए।
धर्म परिवर्तन कर निकाह करने वाली पिंकी कई दिनों से सुर्खियों में हैं। मूलत: बिजनौर जिले के ग्राम दारा गंज की रहने वाली पिंकी का दावा है कि उसने करीब पांच माह पहले धर्म परिवर्तन कर देहरादून में कांठ निवासी राशिद के साथ निकाह कर लिया था। तब से वह कांठ स्थित अपनी ससुराल में रह रही है। करीब दस दिन पहले कांठ में बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने उसे तहसील में पकड़ लिया था।
बद कार्यकर्ताओं का कहना था कि पिंकी निकाह करने के लिए धर्म परिवर्तन करने आई है। हंगामा बढ़ने पर पिंकी की मां की तहरीर पर राशिद और उसके बड़े भाई सलीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेद अध्यादेश 2020 के तहत मामला दर्ज कर कर जेल भेज दिया गया था।
-पति व जेठ की रिहाई के लिए सांसद से मिली धर्मपरिवर्तन करने वाली पिंकी
-जबरन गर्भपात कराने के बयानों पर भी टिकी रही
-बोले सांसद, सांप्रदायिक रंग देकर माहौल खराब न करें
नारी निकेतन में जबरन गर्भपात कराने का लगाया आरोप
पति राशिद व जेठ सलीम की गिरफ्तारी के बाद पिंकी को नारी निकेतन भेज दिया गया था। 14 दिसंबर को पिंकी ने नारी निकेतन के अफसरों पर इंजेक्शन लगाकर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी थी। आनन-फानन में बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता ने उसका मेडिकल कराया। मेडिकल में यह आरोप निराधार पाए गए। बाद में उसे बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में पेश किया गया। जहां पर उसके बयानों के आधार पर न्यायालय ने ससुराल भेज दिया था। वहां पर पहुंचने के बाद मंगलवार को फिर पिंकी ने जबरन गर्भपात कराने की बात कही। इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने नारी निकेतन पहुंचकर सभी के बयान दर्ज किए। जिसके बाद उन्होंने स्टाफ को क्लीन चिट दे दी थी।
गर्भपात के बयान पर रही टिकी, पति व जेठ की रिहाई की उठाई मांग
गुरुवार को पिंकी ने पति राशिद व जेठ सलीम की रिहाई के लिए सपा सांसद डा. एसटी हसन से मुलाकात की। यहां पर भी पिंकी ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर राशिद से निकाह किया था। पुलिस बेवजह उसका और ससुरालियों का उत्पीड़न कर रही है। पति व जेठ से मिलने नहीं दिया जा रहा है। यहां पर भी उसने गर्भपात कराने की बात कही। उसका दावा था कि धामपुर में अल्ट्रासाउंड कराया है, जिसमें गर्भपात होने की पुष्टि हुई है। करीब एक घंटे तक पिंकी व उसके ससुरालियों ने सांसद से मुलाकात की। बाद में पति व जेठ की रिहाई के लिए सांसद ने एसएसपी व अधिवक्ता से मिलने की सलाह दी। उन्होंने एक अधिवक्ता का नंबर भी मुहैया कराया। इस मौके पर सांसद डा. एसटी हसन ने कहा कि इस मामले को सांप्रदायिक रंग न दिया जाए।
