UP: पंचायत मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन, दो प्रतिशत बढ़े मतदाता
संभल, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत जनपद में पंचायत निर्वाचन नामावली का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता पुनरीक्षण के बाद जनपद की 670 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13,69,505 हो गई है। पूर्व में यह संख्या 13,42,622 थी। इस प्रकार करीब दो प्रतिशत की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में चलाए गए मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य किया। यह प्रक्रिया 29 सितंबर तक चली। इसके बाद ड्राफ्ट नामावली तैयार कर फीडिंग कराई गई। आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को अनंतिम सूची का प्रकाशन किया गया, जिसकी अधिसूचना जिला, तहसील और ब्लॉक कार्यालयों पर चस्पा कर दी गई है।
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मतदाता वृद्धि बनियाखेड़ा विकासखंड में 6.54 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि सबसे अधिक गिरावट जुनावई विकासखंड में 4.53 प्रतिशत रही। पुनरीक्षण के दौरान 1,57,986 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, 10,759 मतदाताओं के नामों में संशोधन किया गया और 1,31,101 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इनमें मृतक और डुप्लीकेट नाम शामिल हैं। इस पूरी प्रक्रिया के बाद शुद्ध रूप से 26,883 नए मतदाता जुड़े हैं।
30 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां.
अनंतिम सूची के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक कोई भी मतदाता अपने संबंधित बूथ पर जाकर मतदाता सूची का निरीक्षण कर सकता है। इस दौरान नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद निर्वाचन नामावली को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 2 फरवरी 2026 को किया जाएगा। साथ ही ऐसे युवा, जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे भी इस अवधि में मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
