मेडलों की बरसात से गूंजा मैदान: डॉ. दिनेश शर्मा बोले- खेलों से बढ़ रहा भारत का कद, युवाओं को मिल रहा नया अवसर
लखनऊ, अमृत विचार : राज्यसभा सांसद व प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि खेलों की दुनिया में आज भारत का सम्मान, प्रतिष्ठा और प्रभाव अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। पहले भारतीय खिलाड़ियों के एक मेडल जीतने पर देश में दीवाली जैसा जश्न होता था, लेकिन अब विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों पर मेडल की बरसात हो रही है। यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में खेल क्षेत्र में हुए सुधारों और योजनाओं का परिणाम है।
मोहनलालगंज में आयोजित सांसद खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि ''खेलो इंडिया'' और ''सांसद खेल प्रतियोगिता'' जैसे कार्यक्रमों ने खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाया है। परिणामस्वरूप नई प्रतिभाओं को मंच मिला है और देश में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि अब ''पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे महान'' के साथ ही ''खेलोगे-कूदोगे भी बनोगे महान'' की सोच ने समाज में जगह बनाई है। ओलंपिक विजेताओं को पांच करोड़ रुपये तक की राशि व सरकारी नौकरी दिए जाने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने खेल प्रतिभाओं के लिए सम्मान का नया अध्याय लिखा है। इस परिवर्तन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ खेल मंत्री मनसुख मांडविया की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री ने वर्चुअली संबोधित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक राजेश्वर सिंहने की। सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, सीएमएस स्कूल की प्रबंधक गीता गांधी, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुधाकर त्रिपाठी, दीन दयाल सेवा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा, पूर्व पार्षद जीडी शुक्ला औरआरके छारी मौजूद रहे।
विजेता हुए पुरस्कृत
सांसद खेल के तहत मोहनलालगंज की पांच विधानसभाओं में दो दर्जन से अधिक प्रतियोगिताएं हुई। जिनमें 15 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया एवं पचास हजार से अधिक ने भाग लिया। विजेताओं को पचास हजार रुपये, उपविजेता को पच्चीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
