बरेली: टीका कब लगेगा मोबाइल पर आया संदेश बताएगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बरेली। कोरोना की वैक्सीन का हर किसी को इंतजार हैं। हालांकि वैक्सीन कब तक आ सकेगी और लोगों को लग सकेगी इसको लेकर अभी तक केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। …

अमृत विचार,बरेली। कोरोना की वैक्सीन का हर किसी को इंतजार हैं। हालांकि वैक्सीन कब तक आ सकेगी और लोगों को लग सकेगी इसको लेकर अभी तक केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। पहले चरण में किसको वैक्सीन लगेगी, यह वैक्सीन कैसे लगेगी सभी बिंदुओं पर विचार विमर्श कर रूपरेखा बनाई जा चुकी है। पहले चरण में जिन व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा। उनके मोबाइल पर संदेश भेजा जाएगा। उस संदेश में वैक्सीन लगने का स्थान और समय आदि सारी बेहद जरूरी जानकारियां भी होंगी।

स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों पहले चरण में कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। शासन के कोबिन पोर्टल पर पहले चरण का डाटा भी अपलोड हो चुका है। इसमें वैक्सीन लगने वाले व्यक्ति का नाम पता और मोबाइल नंबर अपडेट किया है। जब वैक्सीन का टीकाकरण अभियान शुरू होगा। तो भीड़ एक साथ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसलिए शासन ने टीकाकरण को सफल बनाने के लिए नई मुहिम शुरू की है। पहले चरण में टीकाकरण से पहले व्यक्ति के मोबाइल पर संदेश आएगा। जिसमें टीकाकरण का स्थान, समय और वैक्सीन का बैंच नंबर भी पड़ा होगा। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर उस व्यक्ति से संपर्क किया जा सके। साथ ही टीका लगने से पहले उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी हो सके।

आधार कार्ड या पहचान पत्र दिखाकर ही लग सकेगी वैक्सीन

टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद किसी व्यक्ति को गलती से दो बार वैक्सीन न लग जाए, इसको देखते हुए इस अभियान को आधार कार्ड से जोड़ा गया है। टीकाकरण से पहले व्यक्ति का आधार कार्ड या फिर पहचान पत्र नंबर को चढ़ाया जाएगा।

मतदाता सूची से लिया जा रहा सहारा

दूसरा चरण आरंभ करते हुए बुजुर्ग और बीमार मरीजों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए शासन ने एडवाइजरी जारी कर दी है। 40 लाख से ऊपर की आबादी वाले जनपद में बुजुर्गो की सूची तैयार करने के लिए विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूची की मदद ली जा रही है। बुजुर्गो में दो समूह बनाए गए हैं। इनमें पहला समूह 50-60 साल और दूसरा 60 साल से ऊपर वालों का होगा। सूची तैयार कराकर उस सूची का आंगनबाड़ी और आशाओं को घर-घर भेजकर बुजुर्गो के बारे में घर-घर सर्वे कराकर नाम पते मोबाइल नंबर जुटाए जाएंगे। इसके बाद पूरी विधिवत सूची बनाकर शासन के कोबिन पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग अब मतदाता सूची जुटाने में लगा हुआ है।

वैक्सीन को लेकर सूची पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। पोर्टल पर अपलोड व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर उसे स्थान और समय का पता चल जाएगा। इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। गाइडलाइन के तहत ही तैयारियां कराई जा रही है।-डा.वीके शुक्ल, सीएमओ

संबंधित समाचार