Bareilly : दो दिन से 14 डिग्री का टार्चर, हल्की बारिश से नए साल का स्वागत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के लोग दिन में दो दिनों से 14 डिग्री का टार्चर झेल रहे हैं और इस साल अभी ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि नए साल का स्वागत बादल छाए रहने और हल्की बारिश से हो सकता है। इसके बाद कोहरे का येलो अलर्ट है। ठंड की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रेल और बस यातायात भी प्रभावित हुआ।

जिले में शनिवार के बाद रविवार को भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। कड़ाके की ठंड की वजह से लोग घरों में दुबके रहे और जरूरत पर ही निकले। रविवार होने के बावजूद भी बाजारों में भी रौनक कम ही रही। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। 

इसके अलावा न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, इसके बाद हवा चलने से कोहरा छट गया लेकिन धूप नहीं खिली। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर को घने कोहरे का ओरेंज और 30 व 31 दिसंबर को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 1 जनवरी को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का अलर्ट है। 

इसके बाद 2 और 3 जनवरी को भी कोहरे का येलो अलर्ट है। दिसंबर में कई बार दिन का तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा कई दिन घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही है। 15 दिसंबर के बाद से ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिली है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक शाहजहांपुर, हरदोई और वाराणसी के बाद बरेली का दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। शाहजहांपुर और हरदोई में अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाहजहांपुर में अधिकतम तापमान न्यूनतम से सिर्फ दो डिग्री सेल्सियस ही अधिक रहा।

संबंधित समाचार