Sambhal: सीएम योगी ने संभल के एसपी को मुख्यमंत्री पदक से किया सम्मानित
संभल, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई को उत्कृष्ट, साहसिक और प्रभावी पुलिस नेतृत्व के लिए मुख्यमंत्री मेडल-2025 से सम्मानित किया है। पदक मिलने के बाद एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट भी की।
आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार विश्नोई की पहचान एक धाकड़ और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में है। 24 नवंबर 2024 को संभल में हिंसा के बाद शांति स्थापित करने के साथ ही उन्होंने माफियाओं, संगठित अपराध और आर्थिक अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उनके कुशल नेतृत्व में संभल पुलिस ने बीते एक वर्ष में कई बड़ी और जटिल आपराधिक साजिशों का पर्दाफाश किया है।
उनके नेतृत्व में 100 करोड़ रुपये से अधिक की बीमा धोखाधड़ी में सक्रिय, पिछले 10 वर्षों से संगठित रूप से काम कर रहे एक बड़े बीमा गिरोह का खुलासा किया गया। यह गिरोह विभिन्न माध्यमों से मरणासन्न अथवा हाल ही में मृत व्यक्तियों को ढूंढकर, बीमा कंपनियों और बैंक कर्मचारियों से सांठगांठ कर फर्जी बीमा पॉलिसियां कराता था। ऐसे 27 ट्रैक्टर भी बरामद किए गए, जो ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में फाइनेंस कराए गए थे।
फर्जी कागजात तैयार कर 2 हजार से अधिक आधार कार्ड में बदलाव कराए जाने का भी खुलासा किया गया। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए यूआईडीएआई द्वारा पूरे देश में आधार कार्ड संशोधन प्रक्रिया की कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधार किए गए।
