न्यू मेडिसिन मार्केट में अवकाश का असर, ओल्ड में दुकानें खुली, हुआ कारोबार
लखनऊ, अमृत विचार: दवा के थोक कारोबार की 29 से 1 जनवरी तक की बंदी के एलान का असर सोमवार को न्यू मेडिसिन मार्केट में देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। वहीं ओल्ड दवा बाजार में कहीं दुकानें खुलीं तो कहीं बंद मिलीं। न्यू मेडिसिन मार्केट की बंदी की घोषणा दवा विक्रेता समिति और दवा व्यापार मंडल (गिरिराज) गुट ने ओल्ड मार्केट में थोक कारोबार न किए जाने का एलान किया था। उधर, एक अन्य गुट लखनऊ केमिस्ट एसोसिएशन लखनऊ की ओर से दवा बाजार को खोले जाने की बात कही गई थी।
बता दें कि दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष ओपी सिंह, महामंत्री सीएम दुबे ने चार दिन थोक कारोबार से अवकाश की घोषणा की थी। न्यू मेडिसिन मार्केट में बड़ी मात्रा में दुकानें बंद मिलीं। कई कांप्लेक्सों के दवा दुकानों के शटर नहीं खुले। सर्जरी बाजार में गिनी-चुनी दुकानों के ही शटर खुले मिले। वहीं ओल्ड दवा बाजार में तकिया में बने कई कांप्लेक्स में दुकानें बंद भी रहीं और कई दुकानें खुली मिलीं। रोज की तरह कारोबार होता मिला। सीएम दुबे और सुरेश कुमार ने बताया कि कुछ दुकानें खुली जरूर हैं लेकिन उन्हें दोपहर बाद कर दिया गया। अब थोक बाजार दो जनवरी को खुलेगा। इस सिलसिले में संगठनों की ओर से जिलाधिकारी और पुलिस अफसरों को ज्ञापन सौंपकर छुट्टी की सूचना दे दी गई है। वहीं अन्य गुट के नेता हरीश शाह ने कहा कि ओल्ड बाजार खुला रहा। लखनऊ मेडिसिन मार्केट के अध्यक्ष हरीश चंद शाह और महामंत्री प्रदीप चंद्र जैन टोनी के मुताबिक थोक कारोबार रोज की तरह हुआ। चूंकि ट्रांसपोर्टनगर, आलमबाग, चौक, कैसरबाग, अलीगंज समेत कई इलाकों में कारोबार होता है। इसे देखते हुए दुकानों को खोले जाने का निर्णय लिया गया।
