BBAU Year Ender 2025: अनुसंधान और नवाचार में हासिल की ऊंचाइयां, NIRF टॉप-40 में एंट्री, केंद्रीय यूनिवर्सिटी में 8वां स्थान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों से भरा रहा। नए कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में बीबीएयू ने एनआईआरएफ रैंकिंग में 37वां स्थान, इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क में 19वां तथा केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में 8वां स्थान प्राप्त किया। वहीं, इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल की ओर से 3.5 स्टार रेटिंग भी मिली।

वर्ष 2025 में विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुरूप कई शैक्षणिक नवाचार किए। मुख्यमंत्री युवा कॉन्क्लेव में विद्यार्थियों को उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की पहल की गई। साथ ही 24 रोजगारोन्मुख नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए।

इन भवनों का हुआ निर्माण

उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से ओबीसी पुरुष छात्रावास का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा आधुनिक व्याख्यान कक्ष परिसर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

मिला रक्तदाता चैंपियन अवार्ड

बीबीएयू को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा ‘रक्तदाता चैंपियन अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। साथ ही केंद्र सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा ‘एनिमल हाउस’ के लिए मान्यता मिली। विश्वविद्यालय को ‘भारतीय अनुसंधान उत्कृष्टता साइटेशन अवॉर्ड’ तथा वाइब्रेंट इंडिया–2025 और पीएसईज एक्सपो में प्रथम पुरस्कार भी मिला।

21 पुस्तकों का हुआ लोकार्पण

इंट्राम्यूरल ग्रांट योजना के तहत शोध को प्रोत्साहन दिया गया। ‘भारत बौद्धिक योजना’ के अंतर्गत कला, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान पर आधारित 21 पुस्तकों का विमोचन किया गया।

पौधारोपण में बना विश्व रिकॉर्ड

‘एक पेड़ मां के नाम–2.0 अभियान’ के तहत 2100 लोगों ने एक साथ 2100 पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। पीएचडी शोधार्थियों के लिए पौधारोपण व उसकी रिपोर्ट शोध प्रबंध के साथ अनिवार्य की गई।

खास उपलब्धियां जो चर्चा में रहीं

योग महाकुंभ–2025, एमिनेंट लेक्चर सीरीज, राष्ट्रीय शिक्षा नीति उन्मुखीकरण कार्यक्रम और गोमती नदी तट पर 60 दिवसीय ‘रिवर योग अभियान’ आयोजित किए गए।

इन संस्थाओं से हुआ एमओयू

बीबीएयू ने मैक्स अस्पताल, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स, एमएसएमई विभाग, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर सहित कई संस्थानों से एमओयू किए।

विश्व के शीर्ष वैज्ञानिकों में शामिल शिक्षक

बीबीएयू के प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, प्रो. राम नरेश भार्गव, प्रो. राम चंद्रा, डॉ. जयशंकर सिंह, डॉ. विमल चंद्र पांडेय, डॉ. आदित्य खम्परिया, डॉ. राजेश कुमार सिंह, प्रो. बी.सी. यादव, प्रो. बी.एस. भदौरिया, डॉ. अभिषेक वर्मा, दीपिका पी. सिंह, प्रो. देवेश कुमार और डॉ. मुकेश कुमार अवस्थी विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल रहे।

इन्हें मिला पेटेंट और अवार्ड

प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा को बायोफर्टिलाइज़र उत्पादन के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला। डॉ. रवि गुप्ता को बायोप्लास्टिक तकनीक, प्रो. पी.एस. रजनीकांत को नैनोफाइबर तकनीक, डॉ. पवन कुमार चौरसिया, डॉ. सुनील सिंह व डॉ. सतीश कुमार को एआई आधारित चिकित्सा उपकरण तथा डॉ. अंशुल अग्रवाल को नवीन पंपिंग तकनीक के लिए पेटेंट प्रदान किया गया।

संबंधित समाचार