बरेली: सीएम से विधायकों ने मांगा एम्स, सड़क और पुल निर्माण को दिया पत्रक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान सम्मेलन के बाद करीब डेढ़ घंटे तक मंडल के माननीयों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। इसमें बरेली में एम्स की स्थापना सहित कई विकासपरक योजनाओं की मांग जनप्रतिनिधियों ने की है। सीएम की बैठक में सबसे अधिक जोर विकास की योजनाओं पर रहा। इसके बाद संगठन …

अमृत विचार, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान सम्मेलन के बाद करीब डेढ़ घंटे तक मंडल के माननीयों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। इसमें बरेली में एम्स की स्थापना सहित कई विकासपरक योजनाओं की मांग जनप्रतिनिधियों ने की है। सीएम की बैठक में सबसे अधिक जोर विकास की योजनाओं पर रहा।

इसके बाद संगठन को मजबूत करने और विस्तार को लेकर चर्चा हुई। सीएम के सामने सांसदों और विधायकों ने अपने- अपने क्षेत्रों की समस्याओं के बारे में बताया। लंबित परियोजनाओं की अड़चनों को बारी-बारी से सीएम ने सुना और निदान का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने बंद पड़ी सिंथेटिक एवं केमिकल प्राइवेट लिमिटेड और टेक्सटाइल पार्क की स्थापना के लिए सीएम को पत्र दिया है। साथ ही हाउस टैक्स पर ब्याज दर ब्याज की व्यवस्था को समाप्त करने की बात कही। शहर विधायक डा. अरूण कुमार ने सीएम को बताया कि बरेली से दिल्ली और लखनऊ की दूरी बराबर है।

मंडल में कोई बड़ा सरकारी अस्पताल नहीं है। एम्स जैसे अस्पताल की स्थापना की जाए। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने लाल फाटक में एनओसी और मुआवजे के पेंच के बारे में सीएम को बताया। उन्होंने शहर में जाम और सड़कों के गड्ढों की बात कही। सेटेलाइट पुल को चालू करने में बाधक बने बिजली के तार को हटाया जाए। विधायक डीसी वर्मा विभिन्न सड़कों के अलावा मीरगंज में मुंसिफ कोर्ट की स्थापना, कटान को रोकने के लिए सीएम को पत्रक दिया। उन्होंने कहा कि पांच पुलिस चौकियों के निर्माण को धन अवमुक्त कराया जाए। इसके साथ ही पुल और एम्स की स्थापना की जाए।

भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने शहर के विकास को लंबित परियोजनाओं को पूरा करने की बात कही। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, महेश चंद्र गुप्ता, बलदेव सिंह औलख, राज्य सभा सदस्य बीएल वर्मा, विधायक छत्रपाल गंगवार, बहोरन लाल मौर्य, केसर सिंह गंगवार, धर्मपाल चौधरी, केसर सिंह, श्याम बिहारी, सांसद संघमित्रा मौर्या, अरुण सागर, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, डा. हरी सिंह ढिल्लों, विधायक कुशाग्र सागर, आरके शर्मा, धर्मेंद्र शाक्य, राजीव कुमार सिंह, संजय सिंह गंगवार, किशन लाल, बाबूराम पासवान, रामशरण वर्मा, वीर विक्रम सिंह, रोशल लाल वर्मा, चेतराम पासी ने अपनी क्षेत्र की समस्याओं के निदान के बारे में सीएम को बताया। मेयर डा. उमेश गौतम ने शहर की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

इसके अलावा संगठन और पंचायत चुनाव के बारे में सह संगठन मंत्री कर्मवीर, प्रदेश के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी, महामंत्री राकेश मिश्र आदि से विस्तारपूर्वक बात की। सीएम ने कहा कि संगठन में मेहनत करने वाले लोगों को पूरा सम्मान दिया जाए। हर कार्यकर्ता की बात को गंभीरता से सुनें।

सीएम के सामने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की मेयर ने खोली पोल
मुख्यमंत्री के सामने मेयर डा. उमेश गौतम ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर कई सवाल खड़े किए। सीएम के सामने प्रोजेक्ट को लेकर शिकायतों की झड़ी लगा दी गई। इस पर सीएम ने जांच का निर्देश दिया।
सूत्रों की मानें तो दो हजार करोड़ रुपये के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की अनियमितता के बारे में मेयर ने सीएम को बताया है। मेयर ने तो यहां तक कह दिया कि स्मार्ट सिटी में बड़े घोटाले के एक आरोपी को नियुक्त कर दिया गया। जब स्मार्ट सिटी के मिशन मैनेजर व आरोपी सतीश को सीबीआई ने गिरफ्तार किया तो अफसरों की नींद खुली। टेंडर केवल कागज में दिखाकर प्रगति प्रस्तुत की जा रही है। तीन वर्ष बीतने को हैं, प्रोजेक्ट हवा-हवाई साबित हो रहा है। निविदा देने में नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हाल ही में फर्जी कागजात लगाकर स्मार्ट सिटी के एक प्रोजेक्ट की निविदा चहेती कंपनी को दे दी गई थी। जिम्मेदार मनमानी पर उतारू हो गये हैं। कई बार कहने के बाद घोटाला करने वाली फर्मों को काली सूची में नहीं डाला जा रहा है। मेयर की इस बात को सुनकर कुछ समय के लिए सीएम ने सोचा और फिर भरोसा दिलाया कि घोटाला करने वालों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

होमगार्ड के जवान कर रहे वसूली
बरेली। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने शहर की जाम की समस्या के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अचानक कह पड़े कि होमगार्ड के जवान अवैध वसूली कर रहे हैं उन्हें रोका जाए। इससे लोग परेशान हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे। इसकी शिकायत भी कर चुका हूं।

महज 72 घंटे में जुटाई गई किसानों की भीड़, गदगद दिखे योगी
महज 72 घंटे में ही किसान सम्मेलन के लिए भीड़ जुटाने में भाजपा नेता सफल रहे। इससे मुख्यमंत्री भी गदगद दिखे और भीड़ ने भी हुंकार भरकर उनकी बातों का कई बार समर्थन किया। अपने भाषण के पक्ष में जनसामान्य को खड़ा देख कर योगी मुस्कुराते नजर आए। सीएम के आगमन को लेकर तीन दिन पहले चर्चा शुरू हुई थी। 14 दिसम्बर की शाम 4 बजे सीएम के आगमन की सूचना भाजपा की जिला कमेटी को हुई थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में किसानों को सीएम के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। मंडल के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, सांसद और विधायकों को किसानों को बुलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। भीड़ को देखकर 47 मिनट के भाषण में सीएम ने सीधा संवाद करने की पूरी कोशिश की जो सफल भी रही। जब उन्होंने भीड़ से पूछा कि श्रीराम मंदिर का बनना जरूरी था कि नहीं, इस पर जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए सभी ने हाथ उठाकर समर्थन किया। इससे खुश योगी आगे के उन्होंने धारा 370 को लेकर विपक्षियों पर हमला बोला और हाथ उठाकर धारा समाप्त करने पर भीड़ ने भी उनका समर्थन किया। इसके बाद कृषि कानून के बारे में बताया और खेती के जरिए आय दोगुनी करने, माफियों के खिलाफ हो रही सख्त कार्रवाई और उनकी भूमि पर आवास बनाने की योजना पर लोगों से पूछा कि कार्रवाई से आप लोग खुश हैं तो हाथ उठाकर बताएं। मंच के सामने की भीड़ ने जब हाथ उठाया तो सीएम गदगद होकर मुस्कुरा दिए। भाजपा नेता पवन शर्मा ने बताया कि सीएम ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रशंसा व्यक्त की है।

बैनर, होर्डिंग और झंडे उतार कर ले गए समर्थक
बरेली। मुख्यमंत्री की सभा समाप्त होने के बाद वहां भाजपा के समर्थक मैदान में लगे झंडे, बैनर और होर्डिंग उतार ले गए। यही नहीं कुछ समर्थकों ने फ्लैक्स उतारने में हद ही पार कर दी।

काले कपड़े वालों को पहले रोका, फिर आने की इजाजत दी
बरेली। विपक्षी दलों की ओर से किसानों को काले कपड़े दिखाकर विरोध करने की सूचना पुलिस के पास थी। इसी वजह से मुख्यमंत्री के सभा स्थल पर काले कपड़े जैकेट, स्वेटर, कोट शॉल आदि पहनकर आने वाले लोगों को रोक दिया गया। इसके बाद मंच से जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने काले कपड़े पहनकर आने वाले लोगों को भी प्रवेश देने के लिए पुलिस से कहा। इसके बाद भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि प्रवेश द्वार पर किसानों को परेशान न किया जाए और जो लोग काले कपड़े पहने हों उन्हें पीछे की ओर बैठाया जाए।

भारतमाता की जय से शुरू भाषण जय श्रीराम पर समाप्त
किसानों को संबोधित करने के लिए मुख्यमंत्री ने अपना भाषण गुरुवार दोपहर 1:12 बजे भारत माता की जय के नारे के साथ शुरू किया। इसके बाद उन्होंने किसान हित, धारा 370, श्रीराम मंदिर निर्माण, युवाओं को नौकरी, विकास आदि बिंदुओं पर दिया। योगी ने 40 मिनट तक किसान सम्मेलन को संबोधित करने के बाद भाषण की समाप्ति 1:52 बजे जय श्रीराम के जयघोष के साथ की।

मुख्यमंत्री आए तो ठेले और रेहड़ी वालों की दुकानदारी हुई चौपट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली आने पर सड़क किनारे बैठकर रोजी-रोटी कमाने वाले परेशान रहे। प्रशासन ने उनकी दुकानों को एक दिन के लिए पूरी तरह से बंद करवा दिया। उन्हें न कुछ भी बेचने की अनुमति नहीं थी। इनमें तमाम सब्जी और फलों के ठेले और रेहड़ी लगाने वाले भी शामिल थे। गुरुवार दोपहर को मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व ही प्रशासन ने शहर में जगह-जगह सड़क किनारे लगी दुकानों को बंद कराना शुरू कर दिया। गांधी उद्यान के पास लगी कंबल की सभी दुकानें भी बंद करा दी गईं। साथ ही उसके आसपास लगने वाले सभी ठेले और फड़ वालों को भी हटा दिया गया। मजबूरी में दुकानदारों को चोरी-छिपे अपना माल बेचना पड़ा। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री के आने से उनकी पूरी एक दिन की कमाई चौपट हो गई। दुकानों को बंद देख ग्राहक भी वहां नहीं रुक रहे थे। जो भी रुकता दुकानदार उसे चुपचाप सामान दिखाते थे। बताते चलें की रास्ता सर्किट हाउस को जाता है, इसलिए अधिकारियों को डर था कि कहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस की तरफ रवाना न हो जाएं। सड़क पर दुकानदारी होने से लोगों की काफी भीड़ जमा हो जाती है। कई बार पर जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है। इसलिए दुकानें बंद कराई गई थीं।

योगी को देखने के लिये घंटेभर तक ठंड में ठिठुरे हजारों लोग
बरेली। मुख्यमंत्री योगी को देखने के एक घंटे तक हजारों लोग ठंड में सड़क पर ठिठुरते रहे। मुख्यमंत्री की कार कार्यक्रम स्थल से सड़क से बाहर आई तो लोगों ने हाथ हिलाते हुए अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी कार के अंदर से हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री के आने से एक घंटे पहले पुलिस ने रास्ते बंद कर दिये थे। पुलिस अफसरों को यह उम्मीद नहीं थी कि मुख्यमंत्री के बाहर आने में एक घंटा लग जाएगा।

मुख्यमंत्री ने 40 मिनट तक दिया भाषण
बरेली। मुख्यमंत्री को प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 11:40 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचना था लेकिन उनके पहुंचने में एक घंटे विलंब हुआ। मुख्यमंत्री 12.39 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। 12:44 बजे मंच पर पहुंचे। 1:12 बजे मुख्यमंत्री ने अपना भाषण शुरू किया। 1:52 बजे मुख्यमंत्री का भाषण समाप्त हुआ। भोज करने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक मुख्यमंत्री ने मंडलभर के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। 3:50 बजे मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से एयरफोर्स हेलीपैड को रवाना हुए।

अगैती गन्ने की प्रजाति के पौधे की जानकारी लेने उमड़े किसान
बरेली। मंडलभर से आए किसानों को कृषि उत्पादों की जानकारी देने के लिये कार्यक्रम स्थल के पास उद्यान विभाग, कृषि विभाग के कई स्टॉल लगाए गये थे। बड़ी संख्या में किसानों ने उत्पादों की जानकारी ली। गन्ना विभाग ने अगैती गन्ने की पौध के बारे में जानकारी दी। स्टॉल पर अगैती गन्ना co-98014 और 8276 समेत कई प्रजातियों के पौधे भी उपलब्ध थे।

जाम में फंसीं छह एंबुलेंस
बरेली। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने की तैयारी के बीच पुलिस ने दोहना टोल प्लाजा के पास बहेड़ी की ओर से आने वाला ट्रैफिक रोक दिया। यहां तक कि टोल प्लाजा से लेकर एयरफोर्स गेट के बीच में पड़ने वाली सभी रेलवे क्रासिंग भी बंद कर दीं। अचानक रास्ता बंद होने से टोल प्लाजा पर लगभग एक किमी तक वाहनों के पहिये थम गये। इसमें मरीजों को लेकर शहर आने और भोजीपुरा की ओर जाने वाली एंबुलेंस फंस गयी। किसी तरह पुलिस अधिकारियों तक मामला पहुंचा। तब उन्होंने पुलिस कर्मियों से रास्ता बनवा एंबुलेंस को निकलवाने के निर्देश दिये।

इन अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर एडीजी जोन अविनाश चंद्र, मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद, डीआईजी राजेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, एसपी सिटी रवींद्र कुमार, एसपी देहात संसार सिंह, एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेयी ने व्यवस्था संभाली। बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर के जिलों के डीएम, पुलिस कप्तान के अलावा मंडलभर के एसडीएम कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहे।

सीएम के आने से पहले डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते ने की जांच
मुख्यमंत्री के आगमन की चर्चा शुरू हो गयी थी। पंडाल किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं से खचाखच भर गया था। इस बीच बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने मंच के पास चारों ओर बारीकी से चेकिंग की। हालांकि, ऐसा कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

 

संबंधित समाचार