बाराबंकी में रफ्तार का कहर : हादसों में वृद्ध समेत चार की मौत, परिवार में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं मालगाड़ी की चपेट में आए एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की अभी तक पहचान नहीं की जा सकी है। हादसों की खबर घर पहुंचते ही मृतकों के परिवार में रोना पिटना मच गया। त्रिवेदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर भिलवल कट के पास मंगलवार सुबह एक ट्रक खड़ा था।

इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। पीछे से टकराए ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ ही चालक फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को मशक्कत के बाद निकाला। चालक अलादुद्दीन पुत्र रियाजुद्दीन निवासी ग्राम मोहरी थाना काल्पी जिला जालौन को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया।

हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार थाना के ग्राम बम्हरौली निवासी सियाराम रावत (65) पुत्र स्व. पंछी रावत सोमवार की शाम को साइकिल से खरीदारी के लिए हैदरगढ़ बाजार जा रहे थे। चौराहा स्थित बस स्टॉप पर वह साइकिल से उतर कर पैदल चलने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उन्हे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल वृद्ध को भीड़ ने सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

देवा प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवा–फतेहपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार कमलेश गौतम (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक कमलेश गौतम क्षेत्र के बेवची मजरे कासिमगंज गांव के निवासी थे। उन्हे गंभीर हालत में सीएचसी से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सोमवार दोपहर पवैयाबाद गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल सीएचसी देवा भेजा जहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। 

ट्रेन की चपेट में आए अज्ञात व्यक्ति की मौत

फतेहपुर: फतेहपुर थाना क्षेत्र में इसेपुर रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार की देर रात एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। फतेहपुर थाना पुलिस को सोमवार की देर रात सूचना मिली कि इसेपुर रेलवे क्रासिंग के पास मालगाड़ी की चपेट में आ गया है। इसमें वह घायल है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल की मौत हो गई है। मृतक की आयु करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। परीक्षण के दौरान मिले साक्ष्य से मृतक मुसलिम समुदाय का बताया जा रहा है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में लगी है।

पैर फिसलने से गिरे मजदूर की मौत 

निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय पैर फिसलने से नीचे गिरे मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बंधौली गांव का निवासी राम मिलन पुत्र ज्वाला प्रसाद शटरिंग का काम करता था। नगर कोतवाली के मोहल्ला ग्यास नगर निवासी मो. कय्यूम के मकान का निर्माण कार्य हो रहा, ठेकेदार राम विलास ने दो मंजिला शटरिंग लगाने का ठेका लिया।

मंगलवार को कय्यूम के मकान में शटरिंग लगाने का काम किया जा रहा था साथ में राम मिलन भी था। दोपहर करीब एक बजे अचानक पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से वहां काम कर रहे श्रमिकों में हड़कंप मच गया। साथी श्रमिकों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के घर में दी तो कोहराम मच गया।

संबंधित समाचार