पीजीआई पुल हादसा: कोमा में मानसी, बेटी को बचाने के लिए दर-दर भटक रही मां
इलाज में रुपये की कमी से जूझ रहा परिवार, पुलिस जांच पर उठे सवाल
लखनऊ/पीजीआई, अमृत विचार : थाना क्षेत्र के वृंदावन–अवध विहार पुल पर क्रिसमस डे की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिली कक्षा-9 की छात्रा मानसी की हालत अब भी बेहद गंभीर बनी हुई है। पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मानसी कोमा में है। डॉक्टरों ने मंगलवार को तत्काल खून की व्यवस्था करने को कहा है, लेकिन आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के सामने इलाज की राह बेहद कठिन हो गई है।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि घायल छात्रा की मां नीतू की तहरीर पर दो नामजद किशोरियों, एक नामजद किशोर और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी आरोपी नाबालिग हैं। प्रथम दृष्टया मामला एक्सीडेंट का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
मानसी की मां नीतू सेल्सगर्ल की नौकरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। मंगलवार को वह अस्पताल के गलियारों में हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने बताया कि पति दीपक मानसिक तनाव के चलते काम करने की स्थिति में नहीं हैं। इकलौती बेटी के इलाज के लिए न पर्याप्त पैसे हैं और न ही कोई स्थायी सहारा। वह बार-बार यही कह रही हैं कि भगवान मेरी बेटी को बचा लें।
मां का कहना है कि मानसी के सिर, हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें हैं, जो सामान्य सड़क हादसे से मेल नहीं खातीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस ओवरब्रिज पर हादसा बताया जा रहा है, वहां पहले आरोपियों ने रुशील और मानसी के साथ मारपीट की और बाद में पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप दे दिया गया।
रुशील डिस्चार्ज, याददाश्त अब भी धुंधली
घायल छात्र रुशील को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, लेकिन उसकी याददाश्त अब भी पूरी तरह वापस नहीं आई है। पिता मनोज कुमार ने बताया कि रुशील को सिर्फ इतना याद है कि एक सहपाठी उसे पार्टी के बहाने घर से ले गया था। बाद में जनेश्वर मिश्र पार्क जाने की बात हुई, लेकिन रुशील प्लासियो मॉल तक ही जाना चाहता था, जिसको लेकर दोनों के बीच बहस भी हुई।
प्लासियो से लौटते समय आरोपी छात्र ने जी-20 रोड पर एक दोस्त से मिलने और चाय पीने की बात कही, इसके बाद क्या हुआ, रुशील को कुछ भी याद नहीं है। आरोप है कि आरोपी छात्र अपनी बाइक पर एक लड़की को ले गया, जबकि रुशील की बाइक पर दो लड़कियां बैठी थीं। इसके बाद उनके बेटे और मानसी के साथ अनहोनी हुई।
