प्रयागराज माघ मेला विवाद: मुलायम यादव संस्थान को हटाने की धमकी, संदीप यादव ने किया आत्मदाह ऐलान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले में मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान को लेकर विवाद शुरू हो गया है। अपर मेला अधिकारी दयानंद प्रसाद ने संस्थान को नोटिस भेजा है और उस नोटिस को भेज कर धार्मिक परंपराओं मान्यताओं के विपरीत संस्था पर काम करने का आरोप लगाया गया है। यह नोटिस 30 दिसंबर को दोपहर एक बजे शिविर पर चस्पा कर दिया गया है।

नोटिस में लिखा कि इस प्रकार के क्रियाकलापों के चलते मेले में रहने वाले साधु संतों द्वारा आपत्ति जताई गई है। साधु संतों में भी असंतोष व्यक्त किया जा रहा है। नोटिस में कहा गया है कि धार्मिक परंपराओं मान्यताओं के विपरीत किया जा रहे क्रियाकलाप के बारे में 24 घंटे के अंदर जवाब दें। नोटिस प्राप्त करने के 24 घंटे के अंदर मेला कार्यालय में जवाब देने का आदेश दिया गया है।

यह कहा गया है कि अगर निर्धारित समय के अंदर जवाब नहीं दिया गया तो यह माना जाएगा कि आपको इस संबंध में कुछ नहीं कहना है,अपर मेला अधिकारी ने नोटिस में कहा है कि संस्था को आवंटित भूखंड संख्या एसएलई-31 का आवंटन निरस्त करने की अग्रिम कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान का संचालन सपा के वरिष्ठ नेता संदीप यादव करते हैं, उन्होने बुधवार को सोशल मीडिया पर इस नोटिस का जवाब लिखा है, "भारत में क्या श्रद्धा भाव से दूध पिलाना जुर्म है, लाखों लोगो को भोजन कराना जुर्म है,आख़िर पिछड़े दलितों के मसीहा श्रद्धेय नेता जी के नाम पर बनी संस्था, श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान से इतनी नफ़रत क्यों, लगातार प्रशासन द्वारा संस्था को हटाने की धमकी दी जा रही है।अगर भाजपा के इशारे पर श्रद्धेय नेता जी के शिविर को यदि हटाने की चेस्टा की गई। तो हम सब यही संगम की रेती पर आत्म दाह कर लेंगे।" 

संबंधित समाचार