यूपी में कैंसर का इलाज होगा आसान, हर जिले में मिलेगी नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा, संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने प्रदेश में निःशुल्क डायलिसिस सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डायलिसिस इकाइयों की संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन जिलों में कैंसर इलाज की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां जिला अस्पतालों में कैंसर इकाइयां स्थापित करने की कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने के भी निर्देश दिए।अपर मुख्य सचिव राजधानी स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय में लखनऊ एवं बरेली मंडल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
बैठक में राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान अमित घोष ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जन तक पहुचना चाहिए। उन्होंने पीपीपी मॉडल पर कैंसर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, प्रत्येक जिले में एमआरआई जांच की मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उप्र. की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इन मेलों के माध्यम से आम जन को घर के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने सभी जिलों में आयोजित जन आरोग्य मेलों के नियमित अनुश्रवण तथा स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर मानव संसाधन की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
