Bareilly : आर्किटेक्ट का परिवार गया बाहर...चोरों ने खंगाल डाला घर, एक करोड़ की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित इस्लामिया ग्राउंड के सामने बने आर्किटेक्ट अभिषेक कुमार के मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने घर खंगाल दिया। आरोप है कि चोरों ने जेवर और नकदी मिलाकर कुल एक करोड़ रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय अभिषेक कुमार पूरे परिवार के साथ मुरादाबाद में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ मुरादाबाद में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर बाहर से ताला लगा हुआ था। जब वह 30 दिसंबर यानि मंगलवार को देर शाम शादी से लौटकर वापस आए तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर गए तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। घर के ताले तोड़कर सेफ खंगाले गए थे।

चोरों ने करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। परिवार के लोगों ने बताया कि घर के अंदर एक बाइक गिरी हुई थी। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने जल्दबाजी में वारदात को अंजाम दिया। घर में रखे दोनों सेफ के ताले टूटे हुए थे। ज्वेलरी के सभी बॉक्स खाली पड़े थे।

सूचना पर आला पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। कोतावली थाना प्रभारी सुरेश चंद गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार