Bareilly : बीते साल के जाते-जाते कांपे लोग, नए साल में भी राहत नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लोगों को साल 2025 के अंतिम दिन भी ठंड से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरने से रात काफी ठंडी रही। वहीं दिन में हल्की धूप खिलने के बाद भी राहत नहीं मिली। नए साल 2026 में भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। इसके बाद 6 जनवरी तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में कानपुर, बाराबंकी, शाहजहांपुर और चुर्क के बाद हरदोई के साथ बरेली का न्यूनतम तापमान सबसे कम 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 3.8 डिग्री सेल्सियस गिर गया। यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिन में हल्की धूप खिलने से अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

सुबह के समय कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार के अनुसार आगामी दिनों में ठंड का असर और अधिक बढ़ेगा। अगले एक सप्ताह तक बरेली और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

 

संबंधित समाचार