Rampur : गाय को क्रूरता के साथ बांधने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी किया गया सीज
टांडा, अमृत विचार। गाय को ट्रैक्टर से घसीटकर ले जाने के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बेजुबान की जान बच गई। ट्रैक्टर से रस्सियों में जकड़ी गाय की हालत देख पुलिस ने गाय को चारा-पानी पिलाया और नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रैक्टर सीज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली कि दो लोग ट्रैक्टर से गाय बांधकर पीटते हुए ले जा रहे हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम धीमरखेड़ा से ग्राम कैथोला की ओर जा रहे रास्ते पर घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रुकवाया उसमें सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम तेजपाल सिंह और सोनू ग्राम धीमरखेड़ा बताया। जांच के दौरान ट्रैक्टर के पीछे एक गाय को बेरहमी से बांधकर घसीटते हुए ले जाया जा रहा था। गाय का मुंह और नाक प्लास्टिक की रस्सियों से कसकर बंधे थे, मुंह से झाग निकल रहा था और गर्दन व चेहरे पर कई चोटों के निशान पाए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गाय उनके खेत में फसल का नुकसान कर रही थी, इसलिए वे उसे बांधकर दूसरे गांव छोड़ने ले जा रहे थे। पुलिस ने इस कृत्य को पशु क्रूरता मानते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके पर ही गाय को मुक्त कराया और चारा-पानी की व्यवस्था कराई। बाद में गाय को देखरेख के लिए ग्राम प्रहरी नूर हसन के सुपुर्द किया गया और नियमानुसार सुपुर्दगीनामा तैयार किया गया।
पुलिस ने ट्रेक्टर के कागज़ात मांगे तो चालक ट्रैक्टर के कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में ट्रैक्टर पंजीकृत पाया गया, लेकिन मौके पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत ट्रैक्टर को सीज कर दिया। गाय के मुंह पर बंधी प्लास्टिक की रस्सियों को साक्ष्य के रूप में सील कर कब्जे में लिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों तेज़पाल सिंह व सोनू को पकडकर न्यायलय के समक्ष पेश किया गया।
