Moradabad: कोहरा और बर्फीली हवा से नए साल की शुरुआत, 17 डिग्री अधिकतम और 9 डिग्री न्यूनतम तापमान
मुरादाबाद, अमृत विचार। नए साल की शुरुआत घने कोहरे और बर्फीली हवा के साथ हुई। चारों ओर धुंध की चादर फैली रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। सड़कें, मकान, पेड़-पौधे सब कोहरे में लिपटे नजर आए। सुबह करीब दस बजे तक कोहरा छाया रहा, जिसके चलते लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड इतनी तीखी थी कि लोग घरों से निकलते ही कांपते दिखाई दिए।
दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हो सके। बादलों और कोहरे की मौजूदगी के कारण धूप पूरी तरह गायब रही, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन बर्फीली हवा के कारण तापमान इससे कहीं कम महसूस हुआ। गलन भरी ठंड ने लोगों को दिन भर परेशान किए रखा। सुबह-सुबह जरूरी काम से निकलने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और मजदूर ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। कई लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखे। चाय की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगी रही, जहां लोग गर्म चाय के साथ ठंड से राहत पाने की कोशिश करते रहे।
इंसेट
सावधान... वाहन धीमी रफ्तार में चलाएं
कोहरे का असर यातायात पर भी दिखाई दिया। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और वाहन चालक फॉग लाइट जलाकर चलते नजर आए। सुबह के समय दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालक बेहद सतर्क दिखे। हालांकि, किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली, लेकिन कोहरे के कारण यात्रा करने वालों को अतिरिक्त समय लगाना पड़ा। प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर जिला प्रशासन व नगर निगम की ओर से लगाए गए स्पीकरों के माध्यम से अनाउंसमेंट होता रहा कि कोहरा अधिक होने के चलते वाहन तेज रफ्तार से न चलाएं। आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें।
बहुत ठंड है...
हर किसी की जुबान पर एक ही बात सुनने को मिला कि बहुत ठंड है। बाजारों, चौराहों और मोहल्लों में लोग ठंड को लेकर चर्चा करते नजर आए। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतते हुए घरों में रहने की सलाह दी गई। ठंड के कारण लोग देर शाम तक रजाइयों और कंबलों में दुबके रहे। मौसम जानकारों के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबह और रात के समय कोहरा बने रहने और ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
