फर्जीवाड़ा कर मेजर का मकान पर कब्जा करने वाले दो गिरफ्तार, चौकी प्रभारी निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

इंदिरानगर में स्थित है करीब सात करोड़ का मकान, पांच आरोपियों की तलाश में दबिशें

लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरानगर ए-ब्लाक में मेजर की बेटी अंजना भट्ट के करीब सात करोड़ के मकान के जाली दस्तावेज बनाकर कब्जा करने वाले दो लोगों को गाजीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शिकायत के बाद भी मामले में लापरवाही बरतने वाले सर्वोदय नगर चौकी प्रभारी को डीसीपी पूर्वी ने निलंबित कर दिया है। गाजीपुर पुलिस इस गिरोह के पांच लोगों की तलाश में जुटी है।

इंस्पेक्टर राकेश कुमार मौर्या ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बलवंत कुमार यादव उर्फ बब्लू निवासी सैय्यद राजा चंदौली व मनोज कुमार यादव निवासी चंदौली हैं। आरोपी बलवंत ने पूछताछ में बताया कि वह लोग इसी तरह के मकान की तलाश करते हैं, जिनमें कोई विरोध करने वाला न हो। गिरोह में शामिल एक साथी ने एक मकान दिखाते हुए बताया था कि इसमें मेजर की बेटी अंजना रहती है, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मकान साढ़े चार हजार स्क्वायर फीट है और वर्तमान में इसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये होगी। यह जानकारी मिलते ही साथियों के साथ मकान की रेकी की तो पता चला कि घर पर अधिक लोगों का आना-जाना नहीं है।

पहले मकान के बाहर बैठने-उठने लगे थे। साथ ही दाखिल-खारिज करवा लिया, जिसके बाद मकान पर बोर्ड लगा दिया था। बोर्ड लगाने के बाद विरोध किया, तो दस्तावेज दिखा दिए थे। पीड़िता अंजना ने थाने पर पहुंचकर शिकायत की, लेकिन उन्होंने सुनवाई नहीं की। इसके बाद वह किसी तरह मुख्यमंत्री तक पहुंची। जिसके बाद अधिकारियों ने मामले की जांच करायी तो चौकी प्रभारी सर्वोदयनगर सौरभ की लापरवाही मिली। जिसके बाद डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। पुलिस आरोपी शिव जियावन, सोनू उर्फ स्वामीकांत, सत्यम, राजीव और एक अज्ञात की तलाश कर रही है।

संबंधित समाचार